पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले दक्षिण 24 परगना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने टीएमसी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भ्रष्ट हैं, लेकिन ममता बनर्जी भी भ्रष्टाचार में कम नहीं हैं।

राहुल गांधी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने यहां बेरोजगारी फैलादी है। उन्होंने पिछले चुनाव में कहा था कि वे बेरोजगारी मिटा देंगी। उन्होंने कहा था कि वे 5 लाख युवाओं को रोजगार दिलवाएंगी, लेकिन आज बंगाल में 84 लाख युवा बेरोजगार हैं जिन्होंने बेरोजगारी भत्ता मांगा है। गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शारदा चिटफंड घोटाला किया है।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूरा बंगाल जानता है कि TMC के लोगों ने भ्रष्टाचार किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कभी ममता दीदी का घर नहीं छीना है क्योंकि ये लोग जानते हैं कि असली लड़ाई TMC से नहीं है बल्कि असली लड़ाई कांग्रेस पार्टी से है, जो इनके खिलाफ लड़ते हैं उन पर ये लोग पूरी तरह से आक्रमण करते हैं। भाजपा के लोग वोट चोरी करते हैं। इन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा में वोट चोरी करके चुनाव जीता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी पूरे देश में लोकतंत्र पर आक्रमण कर रहे हैं। ये पूरे देश में वोट चोरी कर रहे हैं, जो भी भाजपा और RSS से लड़ता है, उस पर ये लोग आक्रमण करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं 24 घंटा हर प्रदेश में भाजपा और RSS की विचारधारा से लड़ता हूं और हमेशा वे मुझ पर आक्रमण करते हैं। मेरे ऊपर 36 केस हैं। मैं प्रधानमंत्री मोदी से नहीं डरता हूं।

इससे पहले, राहुल गांधी ने हुगली में एक चुनावी रैली में अमेरिका के साथ भारत के संबंधों को संभालने के तरीके को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया था और आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा “नियंत्रित” किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ एक व्यापार समझौता किया, जिसमें उन्होंने भारत के कृषि क्षेत्र, लघु एवं मध्यम उद्योग और ऊर्जा सुरक्षा को बेच दिया। इसके साथ ही उन्होंने हमारे सभी आंकड़े भी अमेरिका को सौंप दिए। देश का कोई भी प्रधानमंत्री बिना दबाव के ऐसा नहीं कर सकता।

राहुल गांधी का यह बयान पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के समापन के बाद आया है। जिसमें भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार 91.78 प्रतिशत की उल्लेखनीय रूप से उच्च मतदान दर दर्ज की गई है। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान समाप्त होने के साथ ही भारी संख्या में मतदान होना एक सक्रिय चुनावी प्रक्रिया का संकेत देता है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को निर्धारित है।

बंगाल चुनाव: 5 साल में 69% बढ़ी ममता बनर्जी के ‘सिपहसलार’ की संपत्ति, दीदी की सरकार में हैं मंत्री

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर दूसरे चरण के तहत में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होनी है। इनमें से ज्यादातर सीटों पर टीएमसी की स्थिति काफी मजबूत मानी जा ही है। पढ़ें पूरी खबर।