मोदी सरकार ने जवानों को ही किसानों के खिलाफ खड़ा कर दिया, ‘मार्मिक’ तस्वीर शेयर बोले राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया है कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार’ ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि अगर किसान अपनी आवाज सुनाने के लिए दिल्ली आएं तो क्या ये गलत है?

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीन केंद्रीय कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोके जाने के प्रयास को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया है कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार’ ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि अगर किसान अपनी आवाज सुनाने के लिए दिल्ली आएं तो क्या ये गलत है?
किसान आंदोलन के दौरान समाचार एजेंसी पीटीआई की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें एक जवान बुजुर्ग किसान पर डंडे चलाता हुआ नजर आ रहा है। राहुल गांधी ने इस तस्वीर को साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बड़ी ही दुखद फोटो है। हमारा नारा तो ‘जय जवान जय किसान’ का था लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया। यह बहुत ख़तरनाक है।’’
वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दावा किया कि दिल्ली आने वाले पूंजीपतियों के लिए लाल कालीन बिछाई जाती है, जबकि किसानों के आने पर रास्ते खोदे जा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने ट्वीट के माध्यम से दावा किया, ‘‘भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए जब भाजपा के खरबपति मित्र दिल्ली आते हैं तो उनके लिए लाल कालीन डाली जाती है। मगर किसानों के लिए दिल्ली आने के रास्ते खोदे जा रहे हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘दिल्ली किसानों के खिलाफ कानून बनाए वह ठीक, मगर सरकार को अपनी बात सुनाने किसान दिल्ली आए तो वह गलत?’’ वहीं भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने पलटवार करते हुए तस्वीर को लेकर अलग दावा किया है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने राहुल को जवाब देते हुए लिखा, ‘कालांतर में राहुल गांधी ऐसे विपक्षी नेता के रूप में जाने जाएंगे जिनका कोई मान नहीं होगा।’ भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष ने अपने ट्वीट के साथ दो तस्वीरें साझा की हैं। पहली वाली राहुल गांधी वाली है जिसमें जवान किसान की डंडे से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरे तस्वीर में दिखाई दे रहा है कि जवान की लाठी ने किसान को छुआ भी नहीं।
उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों को शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल होने की अनुमति दे दी गई और वे बुराड़ी के मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे पहले हरियाणा में कई स्थानों पर पुलिस ने किसानों को रोकने के प्रयास के तहत पानी की बौछार और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।