नॉर्थ ईस्ट राज्य त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास BSF के एक दस्ते पर हुए हमले में मुख्यमंत्री माणिक शाह ने कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट करके कहा कि इस घटना के बाद 8 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि इस घटना में शामिल सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाकर खड़ा किया जाएगा। सीएम ने कहा कि सिक्योरिटी फोर्सेस के खिलाफ हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी, सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

घटना के बाद से इलाके में तनाव

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इस घटना में शामिल लोगों को कतई नहीं बख्शा जाए। बता दें कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई मारपीट की इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का भी माहौल है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावरों ने जवानों से उनके हथियार छीनने की कोशिश भी की है।

क्या है पूरी घटना?

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बॉक्सानगर के आशाबाड़ी इलाके में बीएसएफ का एक दस्ता तस्करी के खिलाफ अभियान चलाने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के ऑपरेशन में खलल डाला और उनके साथ मारपीट की। इस हमले में 3 से 4 जवानों के घायल होने की जानकारी है। इस दौरान हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों से उनके हथियार छीनने की भी कोशिश की। इसके अलावा काफिले की गाड़ी पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद से इलाके में तनाव है।

बीएसएफ की टीम पर यह अटैक भारत बांगलादेश बॉर्डर के समीप हुआ। सुबह करीब 9 बजे गेट नंबर 174 और 175 के पास कंटीले तार बाड़ के पास जवानों ने तस्करी का सामान ले जा रहे एक युवक का पीछा किया और हेफजुर रहमान नाम के एक कथित तस्कर को पकड़ लिया।

इसके बाद जब जवान बॉक्स नगर की तरफ जा रहे थे तो तस्करों के परिजन और दूसरे साथियों ने जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी डंडों से जवानों की पिटाई की गई और उनके हथियार छीनने की कोशिश हुई। हमले के दौरान जवानों की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। हमले की जानकारी मिलने पर BSF की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तस्कर वहां से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर किया था प्रदर्शन

पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में वकीलों के साथ हुई झड़प के बाद दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को एसीपी वशिष्ठ ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का साथ दिया।