महाराष्ट्र में हाल ही में विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए। इन चुनावों में आम लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल होने वाली फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FPTP) सिस्टम के बजाय सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (STV) सिस्टम का इस्तेमाल किया गया।
आपको बताते हैं एमएलसी चुनाव में वोटों की गिनती में वक्त क्यों लगत है और गिनती कई राउंंड में क्यों होती है?
क्या होते हैं शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव?
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव उन राज्यों में होते हैं जहां विधानमंडल के दो सदन होते हैं। ऐसे राज्यों में विधान परिषद की कुल सीटों में से 12 में से एक हिस्सा स्नातकों और एक हिस्सा शिक्षकों द्वारा चुना जाता है।
इन चुनावों में केवल वही लोग वोट डाल सकते हैं जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य निवासी हों और निर्धारित पात्रता के अनुसार स्नातक या शिक्षक हों।
भारत में आम चुनाव कैसे होते हैं?
लोकसभा और विधानसभा चुनावों में फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FPTP) प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। इस व्यवस्था में मतदाता अपनी पसंद के किसी एक उम्मीदवार को वोट देता है। मतगणना के दौरान सभी उम्मीदवारों को मिले वोट गिने जाते हैं और सबसे ज्यादा वोट पाने वाले उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया जाता है। भारत में इस तरह के लगभग सभी चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराए जाते हैं।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए, किसी चुनाव में कुल 100 मतदाता हैं और तीन उम्मीदवार A, B और C मैदान में हैं। उम्मीदवार A को 35 वोट, B को 25 वोट और C को 40 वोट मिलते हैं। ऐसे में C को सबसे ज्यादा वोट मिलने के कारण विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
लेकिन यहां एक बात पर गौर करना जरूरी है। मान लीजिए कि A और B की विचारधारा एक जैसी है। A को वोट देने वाले लोग C के मुकाबले B को ज्यादा पसंद करते हैं। इसी तरह B को वोट देने वाले लोग भी C के बजाय A को पसंद करते हैं।
इस स्थिति में भले ही C को कुल 100 में से सिर्फ 40 वोट मिले हों, लेकिन वह चुनाव जीत जाता है। वहीं 100 में से 60 मतदाता ऐसे हैं जो A या B में से किसी एक को पसंद करते हैं। इसके बावजूद इन दोनों में से कोई भी उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत पाता।
इसे FPTP प्रणाली की एक बड़ी खामी माना जाता है। इस व्यवस्था में एक उम्मीदवार दूसरे उम्मीदवार पर वोट काटने का आरोप लगा सकता है। उदाहरण के लिए- A यह कह सकता है कि अगर B चुनाव नहीं लड़ता तो B को मिले 25 वोट उसे मिल जाते और वह कुल 60 वोटों के साथ चुनाव जीत जाता।
भारतीय राजनीति में इस तरह के आरोप अक्सर सुनने को मिलते हैं। भारत के अलावा ब्रिटेन और अमेरिका में भी चुनाव कराने के लिए FPTP प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है।
सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (STV) सिस्टम क्या है और कैसे काम करती है?
इसके उलट, सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (STV) प्रणाली में चुनाव कराने का तरीका अलग होता है। भारत में इस प्रणाली के तहत चुनाव कराने के लिए मतदाताओं को मतदान केंद्र पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की सूची दी जाती है। चुनाव संचालन नियम, 1961 के अनुसार, मतदाता अपनी पहली पसंद के उम्मीदवार के नाम के सामने ‘1’ लिख सकता है।
इसके अलावा, मतदाता अपनी दूसरी, तीसरी और चौथी पसंद के उम्मीदवारों के नाम के सामने क्रमशः ‘2’, ‘3’ और ‘4’ भी लिख सकता है। यानी इस व्यवस्था में मतदाता केवल एक उम्मीदवार को वोट देने के बजाय अपनी पसंद के उम्मीदवारों को प्राथमिकता के क्रम में चुन सकता है।
FPTP प्रणाली के उलट, STV प्रणाली में जीतने के लिए उम्मीदवार को कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने होते हैं।
STV सिस्टम में वोटों की गिनती कैसे होती है?
मतगणना के पहले दौर में सभी उम्मीदवारों को मिले पहली पसंद के वोट गिने जाते हैं। अगर किसी उम्मीदवार को कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिल जाते हैं तो उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है।
लेकिन अगर किसी भी उम्मीदवार को पहले दौर में 50 प्रतिशत से अधिक वोट नहीं मिलते तो सबसे कम पहली पसंद के वोट पाने वाले उम्मीदवार को दौड़ से बाहर कर दिया जाता है। इसके बाद बाहर हुए उम्मीदवार के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी पसंद के वोटों को संबंधित उम्मीदवारों के खाते में जोड़ दिया जाता है। फिर इन वोटों को शामिल करके दोबारा गिनती की जाती है।
अगर इसके बाद भी किसी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी वोट नहीं मिलते तो सबसे कम वोट पाने वाले उम्मीदवार को फिर बाहर किया जाता है। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहती है जब तक किसी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी मत नहीं मिल जाते।
एक उदाहरण से समझिए STV प्रणाली
मान लीजिए, किसी चुनाव में कुल 100 मतदाता हैं और तीन उम्मीदवार A, B और C मैदान में हैं। पहली पसंद के आधार पर A को 35 वोट, B को 25 वोट और C को 40 वोट मिलते हैं।
यहां B को वोट देने वाले सभी 25 मतदाताओं ने अपनी दूसरी पसंद A को बताया है। इसी तरह, A को वोट देने वाले 35 मतदाताओं ने अपनी दूसरी पसंद B को चुना है। वहीं C को वोट देने वाले मतदाताओं ने किसी अन्य उम्मीदवार को दूसरी पसंद नहीं दी है।
पहला दौर: पहली पसंद के वोटों की गिनती में C को सबसे ज्यादा 40 वोट मिलते हैं। A को 35 और B को 25 वोट मिलते हैं। लेकिन किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से अधिक वोट नहीं मिले हैं। इसलिए अभी किसी को विजेता घोषित नहीं किया जाएगा।
सबसे कम 25 वोट मिलने के कारण B को चुनाव से बाहर कर दिया जाएगा।
दूसरा दौर: अब B के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी पसंद के वोट A को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इससे A के वोट 35 से बढ़कर 60 हो जाएंगे। C के पास पहले की तरह 40 वोट ही रहेंगे।
इस तरह A को कुल 60 वोट मिल जाएंगे जो जीत के लिए जरूरी 51 वोटों से ज्यादा हैं। इसलिए A को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
इस उदाहरण से समझा जा सकता है कि STV प्रणाली में मतदाता की दूसरी पसंद भी चुनाव के नतीजे को प्रभावित कर सकती है। इस व्यवस्था में केवल पहली पसंद के वोटों के आधार पर ही जीत तय नहीं होती बल्कि जरूरत पड़ने पर मतदाताओं की अगली पसंद को भी गिनती में शामिल किया जाता है।
बिहार विधान परिषद चुनाव में उलटफेर: पांच बार के MLC हारे, जन सुराज ने दर्ज की पहली जीत
बिहार विधान परिषद (MLC) की आठ सीटों के चुनाव नतीजे आ गए हैं। इन नतीजों से राज्य के बदलते राजनीतिक हालात की झलक मिलती है। आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। नतीजों का असर सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्ष- दोनों की राजनीति पर पड़ सकता है।
