महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मीरा रोड पर 31 साल के एक युवक ने दो सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अब बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पहले गार्डों से रास्ता पूछा फिर वापस आकर उनसे उनका धर्म पूछा। मामले की जांच अब महाराष्ट्र एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वाड) को सौंप दी गई है। इधर घटना को लेकर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि पहलगाम की पुनरावृत्ति नहीं होने देना है।

महाराष्ट्र एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वाड) ने मीरा रोज के नया नगर इलाके में अस्मिता ग्रैंड मेंशन के पास दो सुरक्षा गार्डों पर हुए हमले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां इसे एक संभावित लोन वुल्फ (अकेले हमलावर द्वारा किया गया) आतंकी हमला मान रही है।

गार्डों से पूछा धर्म फिर किया हमला

महाराष्ट्र एटीएस के मुताबिक, आरोपी का नाम जबर जुबैर अंसारी वह 31 साल का है। जबर जुबैर ने अस्मिता ग्रैंड के पास तैनात दो सुरक्षा गार्डों को निशाना बनाया। चश्मदीदों का दावा है कि आरोपी ने पहले गार्डों से रास्ता पूछा और फिर वापस आकर उनसे धर्म पूछा। यह भी दावा किया जा रहा कि आरोपी ने एक गार्ड से कलमा पढ़ने को कहा और जब वह नहीं कर पाया तो आरोपी ने उस पर हथियार से हमला कर दिया। घायल गार्ड इस समय अस्पताल में भर्ती है।

तलाशी में मिले अहम सबूत

एटीएस ने आगे बताया, गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी जबर जुबैर के घर की तलाशी ली तो उन्हें हाथ से लिखे कुछ नोट्स मिले, जिसमें आरोपी ने आईएसआईएस में शामिल होने की अपनी इच्छा लिखी थी। सूत्रों के मुताबिक, इन नोट्स में आरोपी ने इस हमले को किसी आतंकवादी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना पहला कदम बताया था। जांच में पता चला कि आरोप, जबर जुबैर अंसारी साइंस ग्रेजुएट था और कई सालों तक अमेरिका में रहा है। अमेरिका में नौकरी नहीं मिलने के बाद वह भारत लौटा और मीरा रोड पर रहने लगा, जहां वह ऑनलाइन केमिस्ट्री कोचिंग पढ़ाता था।

एटीएस के मुताबिक, अकेलेपन के दौरान, आरोपी इंटरनेट के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित हो गया। अब जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन और लैपटॉप के डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह क्या सीमा पार बैठे किसी आतंकी हैंडलर के सीधे संपर्क में तो नहीं आ गया था।

आतंकवादी संगठनों से जुड़ा पाया गया हमलावर- संजय निरुपम

इधर इस घटना के बाद शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय निरुपम ने एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “मीरा रोड से चिंताजनक खबर आ रही है। नया नगर के सिक्योरिटी गार्ड पर गोली चलाने से पहले हमलावर ने उनसे कलमा पढ़ने के लिए कहा था। वे हिंदू थे, इसलिए मारा।”

आगे उन्होंने लिखा, “एटीएस ने हमलावर को पकड़ लिया है। पहली पूछताछ में वह आतंकवादी संगठनों से जुड़ा पाया गया है। इनके तार कहां-कहां तक हैं, पता लगाना चाहिए। पहलगाम की पुनरावृत्ति नहीं होने देना है।”

यह भी पढ़ें: 27 साल बाद गैंगस्टर सादिक कालिया के भतीजे ने लिया बदला, घर में घुसकर की शख्स की हत्या, गिरफ्तार

महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि 20 अप्रैल की शाम 06.45 बजे जब इकबाल इब्राहिम सेलिया की पत्नी और बेटा बाहर गए हुए थे तभी कथित तौर पर दो शख्स घर में घुस गए और उन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में हमले से पहले और बाद में आरोपियों के आने-जाने की हलचल कैद हो गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें