मुंबई के मीरा रोड में 27 अप्रैल को हुए हमला मामले की जांच कर रही एजेंसियों ने चौंकाने वाली बातें बताई हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार 31 वर्षीय आरोपी जैब जुबैर अंसारी ने पूछताछ में बताया कि उसे लगा था कि हमला करने के बाद पुलिस उसे मार देगी। यही वजह थी कि उसने पहले ही आतंकी संगठन ISIS के समर्थन में एक नोट लिखकर छोड़ दिया था। इस नोट में “अकेला भेड़िया (लोन वुल्फ) तुम सब पर हमला करेगा” जैसी बात लिखी गई थी।
पेंसिल से लिखा गया यह नोट आरोपी के लैपटॉप के पास टेबल पर रखा मिला था। हालांकि, अंसारी के वकील अब्दुल वहाब खान ने इसे “प्लांटेड” करार दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसके घर को सील नहीं किया गया था जिससे सबूतों के साथ छेड़छाड़ की संभावना है।
पुलिस को उस दुकान का भी पता चला है जहां से अंसारी ने करीब नौ इंच लंबा चाकू खरीदा था जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया। जांच एजेंसियां इसे आत्म-उग्रवाद का मामला मान रही हैं लेकिन बाहरी प्रभाव की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि हमले से पहले अंसारी ने अपने दोनों मोबाइल फोन फॉर्मेट कर दिए थे ताकि कोई सबूत न बचे।
दोनों फोन कर दिए थे फॉर्मेट
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, जब वे उसके घर पहुंचे तो नोट ऐसी जगह रखा था कि आसानी से दिख जाए। उसके पास दो फोन थे एक में सिम था और एक बिना सिम के, दोनों को फॉर्मेट किया गया था। उसने घर लौटने के बाद काला कुर्ता भी पहना था, जिसे उसने ‘ISIS विचारधारा’ के अनुरूप बताया।
एक अधिकारी ने कहा, “उसने बताया कि उसे उम्मीद नहीं थी कि वह हमला करने के बाद जिंदा लौटेगा। उसे लगा था कि पुलिस उसे मार देगी। लेकिन वह बच गया और घर लौट आया। उसका मकसद केवल डर पैदा करना था।” वहीं, आरोपी के वकील ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि “लोन वुल्फ” जैसी बातों को सच साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है। ये अदालत में साबित नहीं हो सकते। उन्होंने अंसारी की मेडिकल जांच की मांग भी की है।
शुरुआती पूछताछ में अंसारी ने बताया कि वह अकेले रहता था और उसे लगता था कि लोग उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते। उसे किराए पर घर लेने में भी दिक्कत हो रही थी। उसने यह भी कहा कि उसने पहले आत्महत्या करने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस इन बयानों पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है।
अंसारी ने हाल ही में तलाक होने की भी बात बताई। उसके बैंक खातों की पड़ताल से पता चला है कि पिछले छह महीनों से उसकी आमदनी बहुत कम थी। उसके पिता उसे पैसे भेज रहे थे।
प्रो-आईएसआईएस कंटेंट देखने के सबूत
उसने यह भी दावा किया कि फिलिस्तीन में हो रही घटनाएं खासकर बच्चों की मौत उसे प्रभावित कर रही थीं। उसने इस मुद्दे के लिए कुछ दान देने की बात भी कही जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस को उसके इंटरनेट उपयोग में प्रो आईएसआईएस वेबसाइट्स और यूट्यूब चैनल देखने के सबूत भी मिले हैं।
एक अधिकारी ने कहा, “पहले भी ऐसा देखा गया है कि आतंकी संगठन ऐसे लोगों से संपर्क करते हैं जो उनके कंटेंट से जुड़ते हैं। इसलिए इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि किसी ने उससे संपर्क किया हो। डिवाइस की फॉरेंसिक जांच से इस पर और स्पष्टता आएगी।”
जांच के मुताबिक, अंसारी का जन्म मुंबई के कुर्ला में हुआ था और वह पांच साल की उम्र में परिवार के साथ अमेरिका चला गया था जहां उसने पढ़ाई की। नौकरी न मिलने के बाद वह भारत लौट आया और बाद में मीरा रोड में किराए के मकान में रहने लगा।
सूत्रों के अनुसार, वह स्वभाव से शक्की और इंट्रोवर्ट था और केवल खुद का बनाया शाकाहारी भोजन करता था। कोरोना महामारी के दौरान वह भारत आया और ऑनलाइन गल्फ के एक स्कूल में पढ़ाने लगा। उसने अपने एक दोस्त की बहन से ऑनलाइन शादी की, जो अफगान मूल की अमेरिकी नागरिक थी और एक पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी की बेटी थी।
दोनों के बीच मतभेद होने के बाद पत्नी अमेरिका लौट गई और उनका तलाक हो गया। इसके बाद वह पिछले 6-8 महीनों से अकेला रह रहा था। इसी दौरान उसके कट्टरपंथ की ओर झुकाव का संदेह है। आरोप है कि अंसारी ने 27 अप्रैल की सुबह मीरा रोड के एक निर्माणाधीन स्थल पर दो सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमला किया। शिकायत के अनुसार, उसने हमला करने से पहले गार्डों से उनका धर्म पूछा था।
हमले में एक सुरक्षा सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि दूसरे गार्ड को मामूली चोटें आईं। शुरुआत में मामले की जांच मीरा-भायंदर पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में इसे महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें – ठाणे : धर्म पूछकर दो सिक्योरिटी गार्ड्स पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को दो सुरक्षा प्रहरियों से धर्म पूछने के बाद उन पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना ने पिछले साल पहलगाम में हुई आतंकी घटना की यादें ताजा कर दीं। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें…
