पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर सरकार ने 30 जून तक प्रमुख पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क में छूट दी है। वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी कि आयात शुल्क में कटौती से प्लास्टिक, पैकेजिंग, कपड़े, फार्मा, केमिकल और ऑटो कंपोनेंट्स क्षेत्रों को लाभ होगा।
सरकार ने 2 अप्रैल को जारी एक अधिसूचना में कहा कि वह 30 जून, 2026 तक चुनिंदा महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर पूर्ण सीमा शुल्क छूट देगी। इस कदम का उद्देश्य घरेलू निर्माताओं के लिए आपूर्ति संबंधी बाधाओं को कम करना, बढ़ती इनपुट लागतों को नियंत्रित करना और उपभोक्ताओं को राहत देना है।
इन उत्पादों पर सीमा शुल्क में छूट
वित्त मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके परिणामस्वरूप वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में उत्पन्न बाधाओं को देखते हुए, सरकार ने 30 जून तक महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर पूर्ण सीमा शुल्क छूट देने का निर्णय लिया है। निविदा में कहा गया है, “यह उपाय घरेलू उद्योग के लिए महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल इनपुट की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने, डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों पर लागत के दबाव को कम करने और देश में आपूर्ति स्थिरता बनाए रखने के लिए एक अस्थायी राहत के रूप में लिया गया है।”
जिन वस्तुओं पर सीमा शुल्क से छूट दी गई है उनमें मेथनॉल, एनहाइड्रस अमोनिया, टोल्यून, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमेथेन (मेथिलीन क्लोराइड), विनाइल क्लोराइड मोनोमर, पॉलीब्यूटाडीन, स्टाइरीन ब्यूटाडीन और अनसेटुरेटेड पॉलिएस्टर रेजिन शामिल हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी
पश्चिम एशिया युद्ध के दौरान जहाजरानी मार्गों में व्यवधान के कारण उर्वरक, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के आयात को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। भारत उर्वरक और पेट्रोलियम का एक प्रमुख आयातक देश है। अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के चलते दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सरकार ने पिछले सप्ताह पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी ताकि मौजूदा युद्ध के बीच बढ़ती वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों के प्रभाव से उपभोक्ताओं को बचाया जा सके। साथ ही, डीजल पर 21.50 रुपये प्रति लीटर और विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) पर 29.50 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क भी लगाया गया था। पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है जबकि डीजल पर यह वर्तमान में शून्य है।
कमर्शियल LPG की कीमतों में 195.5 रुपये की बढ़ोतरी
सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में 195.50 रुपये का इजाफा किया है। राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2018.50 रुपये हो गई है। वहीं, 1 मार्च को 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट-पीटीआई)
