गुजरात के कच्छ में बीते दिनों कांडला पोर्ट पर खड़े एक कार्गो शिप को अनलोड करने में तीन प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई थी। उत्तर प्रदेश के रहने वाले इन मजदूरों की मौत के संबंध में गुजरात पुलिस ने आशंका जताई कि जहाज के कार्गो होल्ड में मीथेन गैस जमा होने के कारण उनकी मौत हुई होगी।
पुलिस के अनुसार पनामा के झंडे वाले कार्गो शिप ‘एमवी पैन ऑप्टिमम’ ने 9 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया स्थित पोर्टलैंड बंदरगाह से यात्रा शुरू की थी और 10 मई को गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंचा था। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय राजकुमार रामकिशोर, 34 वर्षीय राजेश रामचंद और मशूकअली सुल्तानअली के रूप में हुई है। तीनों मजदूर जहाज से ऑस्ट्रेलियन पाइन लकड़ी के लट्ठों को उतारने का काम कर रहे थे।
यह हादसा 13 मई को सुबह करीब 11:50 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच हुआ। जहाज से माल उतारने का काम ऋषि शिपिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा था, जबकि जहाज का एजेंट डीबीसी एंड सन्स था। दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के बयान के मुताबिक तीनों मजदूर मीरा कार्गो हैंडलिंग कंपनी के लिए काम कर रहे थे, जो ऋषि शिपिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अंडर काम करती है।
प्रतिबंधित हैच खोलने से हुआ हादसा
मजदूर जहाज के कार्गो होल्ड नंबर-3 की एंट्री के पास बेहोशी की हालत में मिले। मामले में कच्छ (पूर्व) पुलिस के कांडला मरीन थाने में एक्सिडेंटल डेथ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर वाई पी गोहिल ने बताया, “मजदूरों ने कार्गो होल्ड नंबर-3 का हैच खोल दिया था, जिसे खोलना प्रतिबंधित था। जहाज में लदी लकड़ियों पर यात्रा के दौरान रसायनों का छिड़काव किया गया था, जिससे कार्गो होल्ड में मीथेन गैस जमा हो जाती है। हैच खोलने से पहले गैस निकलने के लिए कुछ समय देना जरूरी होता है।”
डीपीए ने अपने बयान में कहा, “घटना की जानकारी मिलते ही जहाज के क्रू की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रभावित मजदूरों को कार्गो होल्ड से निकालकर पोर्ट की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
सब-इंस्पेक्टर गोहिल ने आगे बताया, “पहला मजदूर जैसे ही हैच खोलकर नीचे उतरा, वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे देखकर दूसरा मजदूर मदद के लिए नीचे गया और वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद तीसरा मजदूर जो टीम लीडर था, दोनों को बचाने गया और वह भी बेहोश हो गया।”
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद अन्य मजदूरों को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है। जब उन्होंने जांच की तो तीनों मजदूर कार्गो होल्ड में पड़े मिले। इसके बाद मजदूरों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर उन्हें बाहर निकाला और डॉक्टर के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
