Meta CRED Deal: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने WhatsApp में बड़ा बदलाव किया है और फिनटेक कंपनी क्रेड के संस्थापक कुणाल शाह को वाट्सऐप के नए सीईओ के तौर पर नियुक्त किया है। इससे पहले पिछले सात साल से WhatsApp की कमान विल कैथकार्ट के हाथ मे थी लेकिन अब कुणाल उनकी जगह लेंगे। दूसरी ओर मेटा क्रेड में करीब साढ़ें 8 हजार करोड़ का बड़ा निवेश भी करेगा।
कुणाल ने कहा कि हालांकि व्हाट्सएप ने काफी प्रगति की है, लेकिन आज यह जो सेवाएं प्रदान करता है, वह इसकी संपूर्ण क्षमता के अनुरूप नहीं है। यह नियुक्ति मेटा द्वारा क्रेड में लगभग 900 मिलियन डॉलर (लगभग 8,550 करोड़ रुपये) का निवेश करने के निर्णय के साथ हुई है, जो किसी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी द्वारा भारतीय फिनटेक स्टार्टअप में किए गए सबसे बड़े निवेशों में से एक है।
भारत में बड़ा है WhatsApp का नेटवर्क
व्हाट्सएप के दुनिया भर में तीन अरब से अधिक यूजर्स हैं और भारत में यह संख्या 5 करोड़ से अधिक है। यह मेटा की व्यावसायिक संदेश, भुगतान, विज्ञापन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित सेवाओं से संबंधित रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
व्हाट्सएप देश में सबसे अधिक उपयोग की जाने वाली ऑनलाइन सेवाओं में से एक है और व्यक्तिगत संदेशों से लेकर व्यावसायिक संचार तक कई उद्देश्यों को पूरा करती है। यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं के बीच सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड संदेशों की सुविधा देता है और लोगों को संदेश भेजने के सबसे सुरक्षित तरीकों में से एक है।
क्रेड का डेटा सुरक्षित होने की कही बात
इस समझौते के तहत कुणाल शाह क्रेड में अपने कार्यकारी पदों से हटकर मेटा की वैश्विक नेतृत्व टीम में शामिल होंगे, साथ ही फिनटेक कंपनी में अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी भी बनाए रखेंगे। क्रेड ने मिटेन संपत को तत्काल प्रभाव से अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। कुणाल शाह ने कहा कि मेटा को क्रेड के यूजर्स के डेटा तक की रीच नहीं दी जाएगी। यह डेटा सुरक्षित ही होगा।
मार्क जुकरबर्ग ने जताई खुशी
मेटा के संस्थापक और सीईओ मार्क ज़करबर्ग ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “कुणाल शाह ने क्रेड को भारत की सबसे महत्वपूर्ण टेक कंपनियों में से एक बनाया है, और उनके पास एक ऐसी विकासवादी मानसिकता और वैश्विक दृष्टिकोण है, जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। मैं कुणाल के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं ताकि व्हाट्सएप को अरबों लोगों और लाखों व्यवसायों के लिए सर्वश्रेष्ठ सेवा बनाया जा सके।”
विल कैथकार्ट 2019 से व्हाट्सएप का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने यह पद छोड़ दिया है। उनके कार्यकाल के दौरान, व्हाट्सएप ने एन्क्रिप्टेड क्लाउड बैकअप शुरू किए, अधिक डिवाइसेज तक अपनी पहुंच बढ़ाई, विज्ञापन का मॉडल भी पेश किए और मेटा की एआई पहलों के साथ मैसेजिंग ऐप को एक अच्छा इकोसिस्टम भी प्रदान किया है।
यह भी पढ़ें: ‘व्हाट्सऐप और रिलायंस की मिलीभगत से बंद हुआ टेलीग्राम’ भारत में ऐप बैन हुआ तो CEO ने किया यह दावा
टेलीग्राम के सीईओ पावेल ड्यूरोव ने आरोप लगाया कि रिलायंस समूह ने व्हाट्सऐप के साथ मिलकर भारत में ऐप पर प्रतिबंध के लिए शायद पैरवी की है। मेटा प्लेटफॉर्म्स की रिलायंस में आंशिक हिस्सेदारी है। पढ़िए पूरी खबर…
