भारतीय चुनावी लोकतंत्र में चुनावी हलफनामे को लंबे समय तक महज एक औपचारिक दस्तावेज माना जाता रहा है लेकिन पिछले दो दशकों में सुप्रीम कोर्ट के कई महत्वपूर्ण फैसलों ने इसे मतदाताओं के ‘जानने के अधिकार’ का केंद्रीय आधार बना दिया है। उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मामले, उसकी संपत्ति, देनदारियां और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारियां अब केवल निजी विवरण नहीं रह गए हैं बल्कि लोकतांत्रिक पारदर्शिता का हिस्सा हैं।
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन रद्द होने के बाद चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत हलफनामे को लेकर विवाद हो गया है। यह विवाद केवल एक उम्मीदवार के नामांकन का नहीं है। यह उस बड़े प्रश्न से जुड़ा है कि चुनावी हलफनामों में किस तरह की जानकारी देना जरूरी है, निजी शिकायत और आपराधिक मुकदमे में क्या अंतर है? इसके अलावा सवाल यह भी है कि चुनाव अधिकारियों की शक्तियों की सीमा क्या है।
इस बहस को समझने के लिए तीन अलग-अलग लेकिन ऐसे ही कुछ मामलों पर नजर डालते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्नी संबंधी खुलासा, बीजेपी नेता व पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद और कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ हैदराबाद में की गयी निजी शिकायत को लेकर विवाद। चलिए समझते हैं कि इन तीनों नेताओं के चुनावी हलफनामे से जुड़े मामले क्या थे।
पीएम नरेंद्र मोदी का मामला: खाली कॉलम नहीं छोड़े जा सकते
सुप्रीम कोर्ट ने साल 2013 में Resurgence India बनाम भारतीय निर्वाचन आयोग के मामले में महत्वपूर्ण फैसला दिया कि कोई भी उम्मीदवार चुनावी हलफनामे में किसी भी अनिवार्य कॉलम खाली नहीं छोड़ सकता। अगर कोई जानकारी उम्मीदवार पर लागू नहीं होती तो उस स्तम्भ को ‘खाली’ या ‘लागू नहीं होता’ लिखना होगा।
इस फैसले का आधार मतदाताओं का ‘जानने का अधिकार (Right To Know)’ था। अदालत का कहना था कि अधूरी जानकारी देकर उम्मीदवार, मतदाताओं को सूचित फैसला लेने से वंचित नहीं कर सकते।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने पहली बार अपनी पत्नी जशोदाबेन का नाम चुनावी हलफनामे में दर्ज किया। इससे पहले गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान पत्नी संबंधी कॉलम में हाइफ़न (-) या अस्पष्ट संकेत दर्ज किए गए थे। एक तरह से उन्होंने इस कॉलम को खाली छोड़ दिया था।
स्मृति ईरानी: गलत जानकारी और अलग-अलग घोषणाएं?
नरेंद्र मोदी का मामला ‘खाली कॉलम’ से जुड़ा था जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का विवाद ‘अलग-अलग घोषणाओं’ से संबंधित था। 2004 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने स्वयं को स्नातक बताया था। 2014 के लोकसभा चुनाव और बाद के राज्यसभा हलफनामों में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम. पार्ट-1 तक शिक्षित होने की जानकारी दी।
हलफनामे में दी गई इस जानकारी में फर्क को लेकर राजनीतिक विवाद हुआ और अदालत में शिकायत भी दाखिल हुई। हालांकि अदालत ने पर्याप्त आधार ना मिलने पर शिकायत खारिज कर दी। लेकिन इस विवाद ने एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया कि अगर कोई उम्मीदवार अलग-अलग चुनावों में अलग-अलग जानकारी दी जाती है तो उसकी जांच का तरीका क्या है?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पारदर्शिता की अपेक्षा तो निर्धारित करते हैं लेकिन हर तथ्य की स्वतंत्र जांच निर्वाचन अधिकारियों के लिए व्यावहारिक रूप से संभव नहीं होती। यही वजह है कि कई विवाद बाद में अदालतों तक पहुंचते हैं।
मीनाक्षी नटराजन का मामला: कानूनी विवाद क्या है?
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ विवाद की जड़ हैदराबाद की एक निजी शिकायत है। इसे 20 अगस्त 2025 को एक महिला ने फोर्थ एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया था। उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार शिकायत का एसआर नंबर 4472/2025 बताया गया है और उसमें नटराजन को आरोपी संख्या चार बनाया गया।
लेकिन यहीं से कानूनी पेचीदगी शुरू होती है। किसी निजी शिकायत में किसी व्यक्ति को आरोपी के रूप में नामित कर देना और अदालत द्वारा उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा शुरू कर देना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि तेलंगाना कांग्रेस नेता कुंभम शिवकुमार रेड्डी को राजनीतिक संरक्षण दिया गया और उनके खिलाफ की गई शिकायतों पर संगठनात्मक कार्रवाई नहीं हुई। नटराजन पर स्वयं किसी यौन अपराध में शामिल होने का आरोप नहीं लगाया गया बल्कि कथित संरक्षण या निष्क्रियता के आधार पर उन्हें पक्षकार बनाया गया।
कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के अनुसार इस मामले में कोई पुलिस एफआईआर सामने नहीं आई है। ना उनके खिलाफ पुलिस जांच हुई, ना आरोपपत्र दाखिल हुआ और ना किसी अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया है।
एफआईआर और निजी शिकायत में क्या अंतर है?
यही इस पूरे विवाद का सबसे महत्वपूर्ण कानूनी पहलू है। एफआईआर पुलिस थाने में दर्ज होती है। इसके बाद पुलिस जांच करती है, साक्ष्य जुटाती है और पर्याप्त आधार मिलने पर आरोपपत्र दाखिल करती है।
वहीं इसके उलट निजी शिकायत सीधे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत की जाती है। मजिस्ट्रेट पहले यह तय करता है कि प्रथमदृष्टया कोई मामला बनता है या नहीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार नटराजन को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 223 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया था। यह प्रावधान आमतौर पर मजिस्ट्रेट द्वारा संज्ञान लेने से पहले प्रस्तावित आरोपी को सुनवाई का मौका देने से जुड़ा माना जाता है। अगर ऐसा है तो केवल नोटिस जारी होने का अर्थ यह नहीं कि अदालत ने विधिवत आपराधिक मुकदमा शुरू कर दिया था।
आखिर विवाद क्यों हुआ?
राज्यसभा नामांकन की जांच के दौरान भाजपा प्रत्याशी महेश केवट ने आपत्ति उठाई कि नटराजन के खिलाफ हैदराबाद की अदालत में मामला लंबित है लेकिन इसकी जानकारी हलफनामे में नहीं दी गई है। रिटर्निंग ऑफिसर ने इस आपत्ति को स्वीकार करते हुए कथित रूप से माना कि संबंधित अदालत शिकायत पर संज्ञान लेकर समन जारी कर चुकी थी। इसी आधार पर नामांकन रद्द कर दिया गया।
कांग्रेस का दावा इससे बिल्कुल उलट है। उसका कहना है कि न कोई एफआईआर थी, ना संज्ञान लिया गया था और ना समन जारी हुए थे। पार्टी के अनुसार केवल धारा 223 के तहत नोटिस जारी हुआ था। यानी पूरा विवाद इस प्रश्न पर टिक गया है कि 9 जून 2026 तक हैदराबाद की अदालत में मामला किस कानूनी अवस्था में था।
कांग्रेस का पक्ष: ‘एफआईआर नहीं, केवल नोटिस’
कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग के रूप में देख रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
तन्खा का कहना है, ”मीनाक्षी नटराजन जी के नामांकन के बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है। कोई क्रिमिनल केस रजिस्टर्ड नहीं है। मात्र एक नोटिस आया है कि उनके और अन्य लोगों के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की कार्यवाही क्यों न की जाए। उस नोटिस का मीनाक्षी जी के वकील जवाब दे चुके हैं। एफआईआर दर्ज नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा, “यह मामला वोट चोरी का नहीं बल्कि सीट चोरी का है। यह लोकतंत्र की हत्या है। मैं अपनी पार्टी को सलाह दूंगा कि वह इस मामले को सुप्रीम कोर्ट लेकर जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। जय हिंद।”
कांग्रेस का तर्क है कि अगर मामला वास्तव में BNSS की धारा 223 के तहत जारी प्री-कॉग्निजेंस नोटिस तक सीमित था तो उसे चुनावी हलफनामे में अनिवार्य रूप से घोषित किए जाने वाले ‘लंबित आपराधिक मामले’ की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।
भाजपा का पक्ष और कानूनी प्रश्न
दूसरी ओर भाजपा का दावा है कि यदि किसी सक्षम न्यायालय में मामला लंबित था और उम्मीदवार को उसके बारे में जानकारी थी तो उसका खुलासा ना करना गंभीर चूक है। इसी आधार पर पीठासीन अधिकारी द्वार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करने को उचित ठहराया जा रहा है।
लेकिन यहां भी कुछ जरूरी कानूनी प्रश्न हैं-
- -क्या 9 जून 2026 तक मजिस्ट्रेट ने विधिवत संज्ञान ले लिया था?
- -क्या समन जारी हो चुके थे?
- -क्या मामला केवल एसआर नंबर के स्तर पर था या नियमित आपराधिक केस नंबर मिल चुका था?
- -क्या धारा 223 के तहत जारी प्री-कॉग्निजेंस नोटिस को फॉर्म-26 के तहत ‘लंबित आपराधिक मामला’ माना जा सकता है?
- -क्या नटराजन ने संबंधित कॉलम खाली छोड़ा था या स्पष्ट रूप से ‘कोई मामला नहीं’ लिखा था?
इन प्रश्नों का उत्तर हैदराबाद अदालत के मूल आदेशों से ही मिल सकता है।
फॉर्म-26 में क्या-क्या जानकारी देनी होती है?
यहीं भाजपा और कांग्रेस- दोनों के तर्कों की सीमाएं सामने आती हैं। कांग्रेस का यह कहना कि ‘एफआईआर नहीं थी, इसलिए खुलासा जरूरी नहीं था’, पूरी तरह पर्याप्त नहीं है।
चुनाव आयोग का फॉर्म-26 केवल एफआईआर के बारे में नहीं पूछता। उसमें लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी मांगी जाती है। इसमें न्यायालय, केस नंबर, धाराएं और मुकदमे की स्थिति जैसी जानकारियां शामिल होती हैं।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा का यह तर्क भी स्वतः सिद्ध नहीं हो जाता कि किसी निजी शिकायत में नाम आने मात्र से वह ऐसा लंबित आपराधिक मामला बन जाता है जिसका खुलासा अनिवार्य हो।
हलफनामों की राजनीति से आगे का सवाल
लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार केवल मतदान तक सीमित नहीं है। वह अपने प्रतिनिधि के बारे में सही और संपूर्ण जानकारी पाने का भी अधिकारी है। लेकिन यह अधिकार तभी प्रभावी हो सकता है- जब खुलासे के नियम स्पष्ट हों, उनका समान रूप से पालन हो और उनकी व्याख्या राजनीतिक सुविधा के बजाय कानूनी सिद्धांतों के आधार पर की जाए।
फिलहाल मीनाक्षी नटराजन का मामला केवल एक राज्यसभा सीट का विवाद नहीं रह गया है। यह चुनावी कानून के उस दौर में है जहां पारदर्शिता और निर्वाचन अधिकारियों की शक्तियों के बीच संतुलन तय किया जाना है। हो सकता है कि आने वाले दिनों में अदालतें एक बार फिर यह स्पष्ट करें कि चुनावी हलफनामे में ‘जानकारी छिपाने’ और ‘जानकारी की कानूनी अनिवार्यता’ के बीच की रेखा आखिर कहां खींचती है।
