BSP Akash Anand News: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने फैसले से यूटर्न ले लिया है, उन्होंने आकाश आनंद को एक और बार पार्टी में मौका दिया है और उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक पद दे दिया है।

बसपा सुप्रीमो ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वैसे तो आकाश आनन्द का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक ही रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ ऐसे कारण भी रहे जिस कारण से पार्टी संगठन में कई बार कुछ जरूरी बदलाव भी करने पड़े हैं।

व्यक्तित्व व कार्यशैली में आए बदलाव- मायावती

उन्होंने 6 बिंदुवार जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के कुछ लोगों का मानना है कि आकाश आनन्द के व्यक्तित्व व कार्यशैली आदि में काफी कुछ बदलाव आए हैं। ऐसे में अब पार्टी काफी सोच-विचार करने के बाद पार्टी व मूवमेन्ट के हित में आकाश आनन्द को दोबारा बीएसपी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वेनर) बनाकर फिर से पार्टी में कार्य करने का मौका इन्हें दे रही है।

मायावती ने एक्स पर लिखा, “बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर और कांशीराम की देश भर में बहुजन-हित हेतु त्याग-तपस्या, आजीवन कड़ा संघर्ष व उनके उच्च आदर्श हमेशा ही प्रेरणास्त्रोत रहे हैं, जिससे बसपा ने चलकर सफलताएं हासिल की हैं। ऐसे में अब आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी सर्वसमाज के साथ उत्साहपूर्ण जबरदस्त तैयारी कर रही है।”

आकाश के एक पोस्ट का किया जिक्र

मायावती ने कहा, “बहुजन समाज उनका परिवार है और उनका हित व कल्याण उनके लिए सबसे पहले हैं। आगे कहा, वैसे तो आकाश आनन्द का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक ही रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ ऐसे कारण भी रहे हैं जिसकी वजह से पार्टी संगठन में कई बार कुछ जरूरी परिवर्तन करने पड़े। फिर अन्ततः आकाश आनन्द के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर भी होना पड़ा है।”

आगे लिखा,”इसके बाद से आकाश के व्यक्तित्व व कार्यशैली आदि में बहुत बदलाव भी लोग देख रहे हैं, इसका खास प्रमाण पार्टी में वापसी हेतु हाल ही में सोशल मीडिया पर किया गया उनका एक पोस्ट है, जिसकी काफी चर्चा भी है।”

पिता और ईशान ने जताई सहमति

आगे उन्होंने कहा, पार्टी के अधिकांश लोगों का कहना कि आकाश आनन्द के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उनकी पूर्व की दी गई जिम्मेदारियों के साथ उन्हें पार्टी में पुनः कार्य करने का मौका दिया जाए। इसके लिए उनके पिता के साथ-साथ छोटे भाई ईशान आनन्द ने भी अपनी सहमति जताई है।

इतना ही नहीं ईशान आनन्द ने तो अपनी भावना दिखाते हुए यह भी कहा है कि वे बिना किसी पद के ही पार्टी में बहनजी के दिशा-निर्देशन में जो भी उनको कार्य दिए जायेंगे तो उसे वे अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से जरूर निभायेंगे।

ऐसे में अब पार्टी काफी सोच-विचार करने के बाद बसपा व अभियान के हित में आकाश आनन्द को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर इनको फिर से पार्टी में कार्य करने का मौका दे रही है।

आकाश पर करेगा उनका भविष्य निर्भर- मायावती

मायावती ने उम्मीद जताई है कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद से अब पार्टी में सब कुछ ठीक व सुचारू ढंग से चलेगा और पार्टी संगठन में भी बार-बार बदलाव नहीं करना पड़ेगा, हालाँकि यह काफी कुछ आकाश आनन्द के ऊपर भी निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें: ‘मेरी खामोशी को गलत समझा गया…’, पार्टी से निष्कासन के बाद आकाश आनंद ने तोड़ी चुप्पी, मायावती से मांगी माफी

मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने वर्तमान में बहुजन समाज पार्टी के अंदर चल रही खींचतान के बीच एक बार फिर से अपनी व्यक्त की है। जिसमें उन्होंने अपनी बुआ और बसपा सुप्रीमो मायावती को अपना राजनीतिक गुरु बताया है। इतना ही नहीं, आकाश आनंद ने दूसरी पार्टी में जाने की अटकलों को भी सिरे से खारिज कर दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें