दिल्ली में मंगलवार को घना कोहरा छाये रहने के बीच अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बुधवार को भी घना कोहरा छाए रहने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में बनी रही। बुधवार के लिए, आईएमडी ने न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है, साथ ही घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में किसी भी स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के समय पालम और सफदरजंग दोनों जगहों पर विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर रह गई। दिल्ली-नोएडा में आज मौसम दिन में साफ रहने वाला है। हालांकि सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। यूपी-बिहार, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम।

हरियाणा और पंजाब का मौसम

दिल्ली से सटे हरियाणा और पंजाब में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों में बारिश हो सकती है। जालंधर, कपूरथला, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की बारिश की संभावना है।

पढ़ें- कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर

जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर में 6 फरवरी तक, आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। 7 फरवरी को, ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, 8 फरवरी को मौसम सूखा रहने की उम्मीद है जबकि 9 और 10 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

दिल्ली का AQI

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 272 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार केंद्रवार आंकड़ों से पता चला कि राजधानी में 16 निगरानी केंद्रों ने ‘खराब’ वायु गुणवत्ता की सूचना दी, अन्य 16 में यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और सात केंद्र में शाम के समय यह ‘मध्यम’ स्तर में दर्ज की गयी। वायु गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अनुसार, बुधवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है और पांच से छह फरवरी के बीच इसमें सुधार होकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचने की उम्मीद है।

पढ़ें- यमुना पर नया सेतु? लोहा पुल या सिग्नेचर ब्रिज के पास बनाने का प्रस्ताव