जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को बर्फबारी और बारिश हुई। वहीं, उत्तरी राज्यों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 265 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्के कोहरे का अनुमान जताया है वहीं, दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप खिलने की उम्मीद लगाई जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार फिलहाल 7 फरवरी तक दिल्ली एनसीआर में मौसम साफ बना रहेगा यानी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 फरवरी को कई राज्यों में बारिश हो सकती है। इनमें उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम और कुलगाम जिले के काजीगुंड क्षेत्र में हिमपात हुआ, जबकि श्रीनगर शहर सहित दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बारामूला जिले का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चालीस दिनों की भीषण सर्दी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के समाप्त होने के बाद शनिवार से 20 दिन का ‘चिल्ला-ए खुर्द’ (हल्की सर्दी) शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि दो-तीन फरवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का अनुमान है।
पढ़ें- कब होगी बारिश, कब चलेंगी हवाएं?
हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में रविवार को हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हुई। राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल और स्पीति में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि हिमाचल के मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में दो और तीन फरवरी को हिमपात और बारिश जारी रहने की प्रबल संभावना है।
इन राज्यों में ठंड का असर कम
इस बीच, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे अन्य उत्तरी राज्यों में सर्दी का असर कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के कई हिस्सों में रात का तापमान सात डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। विभाग ने बताया कि अजमेर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों तक मौसम की स्थिति इसी प्रकार बनी रहने का अनुमान है। रविवार को हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य स्तर से ऊपर बना रहा।
पढ़ें- यहां जानिए फरवरी में कैसा रहने वाला है मौसम
(भाषा के इनपुट के साथ)
