चुनाव आयोग के द्वारा चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान करने के तुरंत बाद पश्चिम बंगाल और असम को लेकर पहला ओपिनियन पोल सामने आया है।

Matrize-IANS की ओर से किए गए ओपिनियन पोल में टीएमसी को बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। ओपिनियन पोल कहता है कि टीएमसी को वोट शेयर और सीटों दोनों में बढ़त मिल सकती है हालांकि बीजेपी उसके सामने चुनौती पेश करेगी।

Matrize-IANS के ओपिनियन पोल के मुताबिक, राज्य में सरकार चला रही टीएमसी को 155 से 170 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि भाजपा को 100 से 115 सीटें मिल सकती हैं। अन्य राजनीतिक दलों को 5 से 7 सीटों पर जीत मिल सकती है।

ओपिनियन पोल के मुताबिक, टीएमसी को 43 से 45% वोट जबकि भाजपा को 41 से 43% वोट मिल सकते हैं। अन्य के खेमे में 13 से 15% वोट जा सकते हैं। पश्चिम बंगाल में 294 सीटों के लिए 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 215 सीटें जीती थीं। बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं।

असम के लिए भी आया ओपिनियन पोल

Matrize-IANS की ओर से असम के लिए किए गए ओपिनियन पोल में अनुमान लगाया गया है कि बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन को राज्य में एक बार फिर बढ़त मिल सकती है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, असम में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन एनडीए को कड़ी टक्कर दे सकता है।

ओपिनियन पोल के मुताबिक, बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन को 96-98, कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 26-28 और अन्य को 2-8 सीटें मिल सकती हैं।

ओपिनियन पोल में अनुमान लगाया गया है कि एनडीए को 43 से 44%, कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 39 से 40% और अन्य को 18 से 20% वोट मिल सकते हैं। असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं और यहां भी वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

बीजेपी के पास हैं 64 विधायक

वर्तमान में 126 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के पास 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के पास नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के पास सात और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के पास तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 15 और सीपीएम का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों- 23 और 29 अप्रैल को जबकि असम में एक चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। 

यह भी पढ़ें- असम, केरल, पुडुचेरी में 9 अप्रैल को होगी वोटिंग

चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।