मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। रविवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन हुआ। आम आदमी पार्टी (आप), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), भारतीय युवा कांग्रेस तथा अन्य राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस बीच, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और महिला पत्रकारों के उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भी विवाद बढ़ गया है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पहला मार्च इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के कम से कम 25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा भी हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल थे।
पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं के अलावा आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को हिरासत में ले लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नेहा बोरा को एक निजी गाड़ी में ले जाया गया और गाड़ी पर कोई आधिकारिक नंबर प्लेट नहीं थी। आइसा के सदस्यों ने आरोप लगाया कि गाड़ी में कोई भी महिला पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं थी। इसे लेकर ‘ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वीमेंस एसोसिएशन’ (एआईडीडब्ल्यूए) की नेता आशा शर्मा और मैमूना मुल्ला, आरटीआई कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता नवशरण सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता संसद मार्ग थाने पहुंचे। बाद में, नेहा बोरा को नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने से रिहा कर दिया गया।
युवा कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस
दूसरी ओर, भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली में मशाल जुलूस निकाला। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां, पोस्टर और तिरंगा लेकर रायसीना रोड स्थित कार्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च शुरू किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
मार्च और प्रदर्शनों को देखते हुए जंतर-मंतर और इसके आस-पास के इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
महिला पत्रकारों की शिकायत पर कार्रवाई करे पुलिस
इधर, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान तीन महिला पत्रकारों द्वारा पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाये जाने के मामले में बयान जारी किया है। प्रेस क्लब ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस के बर्ताव से वह स्तब्ध है।
प्रेस क्लब ने कहा है कि दिल्ली पुलिस महिला पत्रकारों की शिकायत पर कार्रवाई करे और यह सुनिश्चित करे कि मीडियाकर्मी बिना किसी हमले या धमकी के अपना काम कर सकें। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसे इस संबंध में शिकायतें मिली हैं और इन्हें क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलेगा 20 साल पुराना केस
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में एसआईआर में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल रखा है। ऐसे वक्त में केरल की वीडी सतीशन सरकार के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने उनके खिलाफ 20 साल पुराना, 2006 का केस खोल दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
