पंजाब के मानसा जिले में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के खिलाफ किसान और मजदूर संगठनों के ‘पंजाब बंद’ आह्वान के बीच सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, गुरुवार को मानसा के सिटी पुलिस स्टेशन-2 की SHO बेअंत कौर को सस्पेंड कर दिया गया। परविंदर की हत्या के मामले में सरकार की ओर से की गई यह पहली प्रशासनिक कार्रवाई है।

बेअंत कौर के सस्पेंशन की जानकारी मानसा के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) कार्यालय की ओर से जारी ऑफिशियल नोटिस के जरिए दी गई। ऑर्डर में कहा गया है, “मानसा के पुलिस स्टेशन सिटी-2 की स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) महिला इंस्पेक्टर बेअंत कौर को तुरंत सस्पेंड किया जाता है।”

किसान और मजदूर संगठनों का आज ‘पंजाब बंद’

परविंदर की हत्या के विरोध में कई किसान और मजदूर संगठनों ने गुरुवार को पूरे राज्य में पंजाब बंद का आह्वान भी किया है, जिसमें हत्या पर राज्य सरकार से जवाबदेही और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि इससे पहले बुधवार को प्रशासन ने हत्या के आरोपी अश्विनी कुमार के घर पर बुलडोजर चला दिया था और भीड़ ने उस मेडिकल शॉप में आग भी लगा दी थी।

परविंदर की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने बुधवार को आरोपी अश्विनी के मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की और उसके बाद उसमें आग लगा दी। झोटा की हत्या से गुस्साए सिख संगठनों ने बुधवार को मानसा में बाजार बंद करा दिए गए थे।

राजस्थान के सालासर से अरेस्ट हुए था आरोपी

बता दें कि बुधवार को पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर अश्विनी कुमार को राजस्थान के ही सालासर से गिरफ्तार किया था। अश्विनी वहां एक होटल में छिपा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही यह माना जा रहा था कि प्रशासन अब उसके घर पर बुलडोजर चलवा सकता है।

परिवार मांग रहा सीएम और डीजीपी का इस्तीफा

वहीं परविंदर के परिजन लगातार इस मांग पर अड़े हुए हैं कि जब तक इस मामले की जांच CBI को नहीं सौंप दी जाती और सीएम भगवंत और DGP गौरव यादव इस्तीफा नहीं दे देते तब तक वह परविंदर का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस मामले का संज्ञान लेते हुए चीफ सेक्रेटरी और DGP से रिपोर्ट मांगी है।

सीएम भगवंत मान ने शांति की अपील की

परविंदर की हत्या के बाद पंजाब के अलग-अलग इलाकों में जनता के अंदर आक्रोश है। भगवंत मान ने आरोपियों को सख्त सजा देने का वादा किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। भगवंत मान ने एक वीडियो मैसेज में कहा, “मानसा में एक बुरी घटना हुई है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि पंजाब पुलिस दोषियों को सख्त से सख्त सज़ा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इस मामले में जो भी साज़िश रचता हुआ पाया जाएगा, उसे भी बख्शा नहीं जाएगा। मैंने DGP को पूरी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्य आरोपी को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। अगर जांच में इस हत्या के पीछे किसी और व्यक्ति या संगठन के शामिल होने का पता चलता है, तो उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा।”

यह भी पढ़ें: ‘खुद को हरियाणा का गुंडा बताता था’, अतर सिंह भड़ाना की हत्या के पीछे 12 साल पुराना विवाद आया सामने

राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की हत्या के पीछे 12 साल पुराने झगड़े की बात सामने आ रही है। यह झगड़ा खनन विवाद से जुड़ा हुआ था। अतर सिंह भड़ाना की मौत को लेकर गांववालों का कहना है कि घटना वाले दिन पूर्व विधायक के आदमियों ने पहले ग्रामीणों पर गोली चलाई थी। बाद में कथित तौर पर बदले की कार्रवाई में ग्रामीणों ने अतर सिंह भड़ाना को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। यहां पढ़ें पूरी खबर…