राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज झा ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने में सहायता की थी। सांसद ने यह भी कहा कि उन्हें केवल इतना ही बताया गया था कि वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करना चाहते हैं और इसके अलावा उन्हें कुछ भी नहीं बताया गया था।

गौरतलब है कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए मौजूदा सांसद से सिफारिश पत्र की आवश्यकता होती है। सीजेपी को सहायता करने पर सफाई देते हुए आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने मीडिया से कहा, “आपने मेरा पत्र देखा है। अगर आप मेरे पत्र का कंटेंट पढ़ेंगे तो यह एक पत्रकार से संबंधित है जिनसे मैं सोशल मीडिया पर जुड़ा हुआ था, साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय के मेरे कुछ वरिष्ठ सहयोगियों से भी।”

मनोज झा ने आगे कहा, “मुझे बताया गया था कि उन्हें एक विशेष कार्यक्रम, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की आवश्यकता है। मैं आमतौर पर हर दो-तीन दिन में किसी न किसी नागरिक समाज संगठन के लिए इस तरह का काम करता हूं। मुझे बस इतना बताया गया था कि उन्हें एक कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता है और पत्र में यह स्पष्ट रूप से लिखा है।”

उन्होंने कल मुझसे समर्थन तक नहीं मांगा- मनोज झा

सांसद ने कहा, मैं देखता हूं कि मीडिया में मेरे कई सहयोगी, तथ्यों की पुष्टि किए बिना और मेरे पत्र की वास्तविक सामग्री को देखे बिना ही, अब आरोप लगा रहे हैं। अगर आप कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के संबंध में मेरे पिछले रिकॉर्ड को देखें तो मैंने लगातार कई नागरिक समाज संगठनों की सहायता की है। जहां तक ​​मेरा सवाल है, इस मामले को अब बंद मान लेना चाहिए। मैंने 2012 या 2013 में, उस पहले आंदोलन के समय भी यही भावना व्यक्त की थी। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करता। इस तरह के आंदोलन जिनकी विचारधारा में स्पष्टता की कमी है।

मनोज कुमार झा ने कहा, “उन्होंने कल मुझसे समर्थन तक नहीं मांगा। कम से कम अब अगर भविष्य में कोई मुझसे संपर्क करके इस जगह की मांग करता है तो मैं इसके उद्देश्य की जांच करूंगा और उसकी पुष्टि करूंगा।”

सीजेपी का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन

बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में, ऑनलाइन मंच सीजेपी ने घोषणा की थी कि वह शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। यह प्रदर्शन हाल ही में हुए नीट पेपर लीक और सीबीएसई की ऑनलाइन मार्किंग के मुद्दे के विरोध में होगा। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके विरोध प्रदर्शन वाले दिन सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। अमेरिका में पढ़ाई कर रहे दिपके ने अपने समर्थकों से दिल्ली हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का आग्रह किया है। वहां से वे संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च करेंगे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहने के कुछ दिनों बाद पिछले महीने सीजेपी बनाई गयी थी। हालांकि, सीजेआई ने बाद में स्पष्ट किया था कि उनके बयान को गलत समझा गया और गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया था।

कॉकरोच जनता पार्टी ने नियुक्त किए 3 प्रवक्ता

सोशल मीडिया हैंडल कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मंगलवार को अपने प्लेटफॉर्म का पक्ष रहने के लिए तीन प्रवक्ता नियुक्त किए हैं। इसमें एक पत्रकार, फिल्ममेकर और एक पूर्व मैनेजमेंट कंसल्टेंट शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें