दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर हुए प्रदर्शन के दौरान CPI(M) ने आरोप लगाया कि उसके कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्य के पूर्व मंत्री के एन बालगोपाल को हिरासत में लेकर शहर में अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। बाद में उन्हें छत्रसाल स्टेडियम पहुंचाया गया। वाम दलों ने इस प्रदर्शन को समर्थन दिया था।
छत्रसाल स्टेडियम उन स्थानों में शामिल है, जहां दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को ले जा रही है। पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास सख्त पाबंदियां लागू की हैं।
CPI(M) केरलम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया कि पार्टी के नेताओं एम ए बेबी, बृंदा करात, ई पी जयराजन, एम वी गोविंदन, के के शैलजा और पी के श्रीमती को भी हिरासत में लिया गया है।
पार्टी ने दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचने से पहले ही दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में और सीजेपी नेता सौरव दास को दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया।
CPI(M) ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के खिलाफ लोकतांत्रिक प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह तय करने की कोशिश की जा रही है कि कौन दिल्ली आ सकता है, कौन प्रदर्शन कर सकता है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कौन सवाल उठा सकता है। पार्टी ने लोकतंत्र बहाल करने की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
स्टालिन बोले- दिल्ली के हालात ने आपातकाल की याद दिलाई
इस बीच, डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सामने आ रहे दृश्य और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई ने उन्हें आपातकाल के दौर की दर्दनाक यादें दिला दीं।
स्टालिन ने कहा कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में हिरासत में लिए गए सभी राजनीतिक नेताओं, छात्रों और युवा प्रदर्शनकारियों को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।
उन्होंने तमिलनाडु में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर टीवीके सरकार की आलोचना भी की। स्टालिन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भाजपा के विस्तार की तरह काम कर रही है और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को दबा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर रहे युवाओं के खिलाफ कार्रवाई रोकने की मांग की। स्टालिन ने कहा कि असहमति अपराध नहीं है और विरोध की आवाज दबाकर लोकतंत्र को कायम नहीं रखा जा सकता।
डीएमके प्रमुख ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को दोहराते हुए कहा कि चुनाव आयोग के संस्थागत ढांचे को हुए नुकसान की भरपाई की जानी चाहिए। साथ ही, आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बहाल करने की मांग की।
चंडीगढ़ में मनीष सिसोदिया को हिरासत में लिया गया
वहीं, चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया गया है। वह चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सामने प्रोटेस्ट कर रहे थे।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “यह आपातकाल से भी बदतर है। यह आधिकारिक है… हम मोदी के नेतृत्व में एक पूर्ण तानाशाही में जी रहे हैं। पक्षियों को उनकी उड़ान से ही गिरफ्तार करना अभूतपूर्व भय दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी को स्पष्ट रूप से पता है कि उन्होंने चुनाव केवल वोट चोरी के जरिए जीता है और अब वे लोकतंत्र को पूरी तरह कुचलकर अपने धोखे को बचाने पर तुले हुए हैं। ज्ञानेश को जाना होगा, लेकिन मोदी को भी जाना होगा।”
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को दिल्ली पहुंचते ही कुछ ही पलों में हिरासत में ले लिया गया। वे जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए वहां पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर।
