मणिपुर के सेनापति जिले के तापहो और उसके आस-पास के इलाके में सोमवार सुबह एक बार फिर से हिंसा भड़क गई। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यहां लोगों ने एक घर में आग लगा दी और दो घरों में तोड़फोड़ की। इस घटना में एक सीआरपीएफ जवान जख्मी भी हुआ है, उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई को पुलिस ने बताया कि सोमवार को मणिपुर के सेनापति जिले में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में CRPF का एक जवान घायल हो गया और कई घर जला दिए गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़कें जाम कर दीं। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उपद्रवियों ने कांगपोकपी जिले के तापहोउ कुकी गांव में तड़के करीब 2.30 बजे एक घर में आग लगा दी।
उन्होंने कहा कि सुबह करीब 9:20 बजे तापहो नागा इलाके में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में CRPF का एक जवान घायल हो गया। उसे सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब वह खतरे से बाहर है।
अधिकारी ने बताया कि सेनापति में आगजनी की घटनाओं के बाद कई जगह विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोग सेनापति गेट पर जमा हुए और नेशनल हाईवे 2 पर लकड़ी के लट्ठे और टायर जलाए। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
चश्मदीद ने क्या बताया?
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में एक चश्मदीद डी. डिगाबू ने कहा, “आज करीब 2:40 बजे, हम वॉलंटियर्स गेट पर मौजूद थे, तभी अचानक आग लग गई। हम वहां गए और पुलिस को सूचना दी; हमने पुलिस से फायर ब्रिगेड को बुलाने और जल्द से जल्द आग बुझाने के लिए भी कहा।”
उन्होंने बताया कि जब वो पुलिस को सूचना देने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को दक्षिणी दिशा की ओर जाते देखा। डी. डिगाबू ने बताया कि जिस घर में आग लगी थी, उसके ठीक सामने पुलिसकर्मी तैनात थे। उन्होंने बताया कि घर पूरी तरह जलकर राख हो गया है। सिर्फ एक घर जला है; दो घरों को नुकसान पहुंचा है। एक CRPF जवान घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
यह भी पढ़ें: मणिपुर में CRPF ने बदली रणनीति, जवानों को संवेदनशील इलाकों में सिर्फ बुलेटप्रूफ गाड़ियों में चलने का निर्देश
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग 100 बुलेटप्रूफ गाड़ियां खरीदी गई हैं, जिन्हें मणिपुर में तैनात किया गया है। इसके अलावा नए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
