मणिपुर में हालात एक बार फिर नियंत्रण से बाहर जाते दिख रहे हैं। 3 साल पहले शुरू हुई जातीय हिंसा से जुड़ी घटनाएं फिर से सामने आने लगी हैं। राज्य के अंदर पिछले 2 दिन में 10 हत्याएं हो चुकी हैं। नगा-कुकी समुदाय के बीच जारी इस जातीय संघर्ष में शुक्रवार और शनिवार को 10 लोगों की मौत हो गई। तनाव के चलते कांगपोकपी और कामजोंग जिलों में 24 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया। बाजारों को बंद किया गया तो वहीं केंद्रीय सुरक्षाबलों की तैनाती हिंसाग्रस्त इलाकों में की गई।
इन सबके बीच एक नागा सिविल सोसाइटी संगठन ने मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हथियारबंद ग्रुप्स द्वारा कथित तौर पर मारे गए एक आदमी का कटा हुआ सिर लौटाने की मांग करते हुए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
‘सिर नहीं मिलने तक पोस्टमॉर्टम नहीं होगा’
कांगपोकपी जिले में 52 साल के अजिनबोउ आर की हत्या के बाद शनिवार को उनका शव बिना सिर के मिला था। नगा संगठन जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल मणिपुर ने केंद्र और राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने कहा है कि सिर मिलने तक पोस्टमॉर्टम नहीं होने दिया जाएगा।
वायरल वीडियो में दिखा था अजिनबोउ का सिर
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, शनिवार को कांगपोकपी जिले के माकुई अशांग गांव में एक संदिग्ध मिलिटेंट हमले में कथित तौर पर मारे गए अजिनबोउ की बिना सिर वाली लाश बरामद हुई थी। इस बॉडी को रविवार रात पोस्टमॉर्टम के लिए इंफाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लाया गया। शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कथित तौर पर कैमोफ्लाज पहने भारी हथियारों से लैस मिलिटेंट के बीच अजिनबोउ का सिर दिखाया गया था।
‘मिलिटेंट उसके सिर को ट्रॉफी की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं’
इस वीडियो के सामने आने के बाद रविवार को जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल मणिपुर की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि अजिनबोउ का सिर अभी भी गायब है। जब तक उसका सिर उसके परिवार वालों को इज्जत से दफनाने के लिए वापस नहीं कर दिया जाता, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं किया जाएगा। हम सरकारी मशीनरी को उसके सिर को और खराब नहीं करने देंगे, जबकि मिलिटेंट उसके सिर को ट्रॉफी की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
बिना किसी समझौते के 48 घंटे का अल्टीमेटम
काउंसिल ने कटे हुए सिर को ढूंढने और वापस करने के लिए “बिना किसी समझौते के 48 घंटे का अल्टीमेटम” दिया और ऐसा न करने पर न्याय पाने के लिए “सबसे कड़े कदम” उठाने की चेतावनी दी। मणिपुर के कामजोंग, उखरुल और कांगपोकपी जिलों में शुक्रवार और शनिवार को अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 10 लोग मारे गए।
यह भी पढ़ें: तीन साल बाद भी नहीं थमी मणिपुर हिंसा, कब निकलेगा संकट का समाधान?
करीब तीन साल से ज्यादा गुजर जाने के बावजूद आज भी मणिपुर में जो हालात हैं, उससे यही लगता है कि या तो सरकार को समस्या के समाधान का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है या फिर स्थिति की जटिलता को लेकर शासन-प्रशासन उदासीन है। वरना इतने वक्त में सभी पक्षों को संवाद की मेज पर लाकर कोई सर्वमान्य हल निकालने के बजाय आखिर ऐसा क्यों है कि संकट का स्तर ज्यों का त्यों बना हुआ है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
