कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने केरल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रविवार को भरोसा जताया कि सीपीआई नेता पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। मणिशंकर अय्यर की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई जब कांग्रेस केरल में सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। अप्रैल में केरल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

अय्यर ने महात्मा गांधी को किया याद

मणिशंकर अय्यर ने ‘विजन 2031: विकास और लोकतंत्र’ शीर्षक से आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में केरल के शीर्ष स्थान को कानूनी रूप से सुरक्षित करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए और इसके लिए सुझाव भी दिए। बता दें कि इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने किया। कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में पंचायती राज मंत्री रह चुके मणिशंकर अय्यर ने महात्मा गांधी के भारत संबंधी दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने एक ऐसे देश की परिकल्पना की थी जहां सबसे गरीब भी देश के प्रति अपनापन महसूस करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

मणिशंकर अय्यर ने कहा कि इस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी का शासन है। मणिशंकर अय्यर ने कहा, ”मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है क्योंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है और इसलिए एक राष्ट्रीय अवसर है।”

मणिशंकर अय्यर ने कहा कि केरल निसंदेह पंचायती राज में भारत का अग्रणी राज्य है और इसने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, ”हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।”

विजयन की अय्यर ने की तारीफ

मणिशंकर अय्यर ने कहा, ”मुख्यमंत्री विजयन मैं आपसे करबद्ध निवेदन करता हूं कि कांग्रेस द्वारा छोड़ी गई जिम्मेदारी को आप संभालें। केरल और समृद्ध बने।” मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मणिशंकर अय्यर के बयान का जवाब दिया। विजयन ने एक पोस्ट में कहा कि मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराती हैं। उन्होंने कहा, ”हम इस विश्वास में एकजुट हैं कि लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है जब सत्ता जनता के हाथों में हो। हम विकास की रीढ़ माने जाने वाले अपने स्थानीय निकायों को मजबूत करना जारी रखेंगे।” पढ़ें अमित शाह ने केरल में बीजेपी के मिशन का किया ऐलान

(यह भी पढ़ें- ‘कभी यह न सोचें कि आप काबिल नहीं हैं’, जानें केरल की पहली महिला ब्लाइंड जज ने क्या कहा)