Mangarh Dham controversy: 3 अगस्त को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने एक लंबे समय से चली आ रही मांग को खारिज कर दिया। यह मांग खासकर चार राज्यों के आदिवासी समुदायों की ओर से की जा रही थी कि बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम को ‘राष्ट्रीय महत्व का स्मारक’ घोषित किया जाए।
राष्ट्रवादी लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल की ओर से संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मानगढ़ धाम उन शर्तों को पूरा नहीं करता, जिनके आधार पर किसी जगह को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किया जाता है।
इससे पहले मार्च में भी केंद्र सरकार ने बीजेपी के उदयपुर सांसद मन्ना लाल रावत के सवाल के जवाब में कहा था कि मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। लेकिन हालिया जवाब में इस्तेमाल की गई भाषा से क्षेत्र के आदिवासी नेताओं और समुदाय के लोगों को “ठेस” पहुंची है।
मानगढ़ धाम इस क्षेत्र की आदिवासी पहचान का एक अहम हिस्सा है। यही जगह अक्सर अलग भील प्रदेश की मांग के लिए भी केंद्र बिंदु बनती रही है। भील प्रदेश एक प्रस्तावित आदिवासी बहुल राज्य है, जिसमें राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को शामिल करने की मांग की जाती है।
केंद्र ने क्या कहा?
संसद में दिए गए केंद्र सरकार के हालिया जवाब में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “प्राचीन स्मारक और पुरातत्व स्थल एवं अवशेष अधिनियम (AMASR Act), 1958 के तहत मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित करने के लिए पहले भी संदर्भ और आवेदन प्राप्त हुए हैं।”
हालांकि, शेखावत ने यह भी कहा कि इस समय ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। उन्होंने कहा, “स्थल के निरीक्षण के आधार पर यह पाया गया है कि वहां काफी मात्रा में आधुनिक विकास और निर्माण कार्य हो चुके हैं। इन बड़े पैमाने पर हुए आधुनिक बदलावों के कारण यह स्थल AMASR Act, 1958 के प्रावधानों के अनुसार राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किए जाने के लिए जरूरी पुरातात्विक विशेषताओं, वास्तविकता और मूल स्वरूप (integrity) को बनाए नहीं रखता है।”
आदिवासी नेताओं ने क्या प्रतिक्रिया दी?
केंद्र के इस जवाब से आदिवासी नेताओं में नाराजगी फैल गई है। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के संस्थापक और बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बातचीत में कहा, “केंद्रीय मंत्री ने जिस तरह से जवाब दिया है, वह 1913 के मानगढ़ नरसंहार में शहीद हुए 1,500 आदिवासियों के बलिदान का अपमान है।
बीजेपी सम्मान नहीं दे पाई, लेकिन जिस तरह से उन्होंने ‘प्रामाणिकता और मूल स्वरूप’ को लेकर बात की है, उससे सिर्फ आदिवासियों को ही नहीं, बल्कि मानगढ़ धाम में आस्था रखने वाले सभी समुदायों की भावनाएं आहत हुई हैं।”
रोत ने आगे कहा, “राष्ट्रीय महत्व का दर्जा न देना अलग बात है, लेकिन उनके जवाब से ऐसा लगता है कि वे आदिवासियों के बलिदान को महत्वपूर्ण नहीं मानते।”
भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन लाल रोत ने भी सरकार के जवाब की आलोचना की। उन्होंने कहा, “हम इसका विरोध करते हैं और अपने लोगों को इसके बारे में बताएंगे। हमारे बलिदान को पूरी दुनिया जानती है, लेकिन आज भी बीजेपी के अंदर आदिवासियों के प्रति हीन भावना है। चारों राज्यों में बीजेपी की सरकार है। अगर वे वास्तव में आदिवासी समाज के हितैषी हैं तो वहां के बीजेपी विधायक और सांसद सरकार को इस बारे में ज्ञापन दें।”
बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने आगे कहा, “पहले कांग्रेस और अब बीजेपी – दोनों ने मानगढ़ धाम और आदिवासियों के बलिदान का इस्तेमाल चुनावी राजनीति में भावनात्मक मुद्दे के रूप में किया है। वे अपनी बड़ी राजनीतिक रैलियों के लिए मानगढ़ को चुनते हैं… यह जवाब दिखाता है कि आदिवासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मानगढ़ धाम की आखिरी यात्रा अगस्त 2023 में हुई थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर 2022 में वहां गए थे।
संसद में दिए गए जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में मानगढ़ धाम को “भव्य आदिवासी पर्यटन स्थल” के रूप में विकसित करने का वादा किया था। उन्होंने कहा, “विडंबना यह है कि यह इनकार उसी मंत्रालय की ओर से आया है, जिसके मंत्री खुद राजस्थान से हैं।”
मानगढ़ धाम का महत्व क्या है?
मानगढ़ धाम राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में गुजरात सीमा के पास स्थित है। यह वही जगह है जहां 17 नवंबर 1913 को ब्रिटिश सेना ने लगभग 1,500 भील आदिवासियों का नरसंहार किया था।
यह घटना पंजाब के जलियांवाला बाग हत्याकांड से छह साल पहले हुई थी। इसलिए मानगढ़ की घटना को अक्सर “आदिवासी जलियांवाला” कहा जाता है।
नरसंहार के बाद से ही राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के भील आदिवासी इस जगह को एक पवित्र स्थल मानते हैं। यह आदिवासी पहचान का एक बड़ा प्रतीक है, जिसे प्रमुख राजनीतिक दल भी अपने-अपने तरीके से जोड़ने की कोशिश करते रहे हैं।
मानगढ़ धाम से जुड़ी आदिवासी पहचान ही भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और उससे पहले बनी भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के उभरने का एक बड़ा कारण रही है। आदिवासी नेता करीब 39 जिलों को मिलाकर एक अलग भील प्रदेश बनाने की मांग कर रहे हैं, जिसमें गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के इलाके शामिल होंगे।
पिछले महीने BAP नेता कांति लाल रोत ने अलग भील प्रदेश की मांग को लेकर ‘भील प्रदेश संदेश यात्रा’ शुरू की थी।
2017 में गुजरात में बनी BTP के लिए अलग भील प्रदेश का निर्माण उसके मुख्य उद्देश्यों में से एक रहा है। राजस्थान BTP के अध्यक्ष वेलाराम घोगरा के अनुसार, भील समाज सुधारक और आध्यात्मिक नेता गोविंद गुरु ने 1913 में मानगढ़ नरसंहार के बाद सबसे पहले अलग आदिवासी राज्य की मांग उठाई थी।
मानगढ़ धाम पर बीजेपी पहले क्या कह चुकी है?
2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानगढ़ धाम दौरे से पहले ऐसी मजबूत उम्मीदें थीं कि इसे राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किया जा सकता है। मई 2022 में तत्कालीन केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा था, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करेगी।”
जुलाई 2022 में राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण की एक टीम ने मानगढ़ को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित करने के संबंध में अपनी रिपोर्ट मेघवाल को सौंपी थी। 1 नवंबर 2022 को मोदी की रैली के दिन एक आधिकारिक बयान में कथित रूप से प्रधानमंत्री के भाषण का हवाला देते हुए कहा गया था कि मोदी ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित कर दिया है।
हालांकि, यह मोदी के बयान को गलत समझने का नतीजा था। मोदी ने वास्तव में मानगढ़ धाम के विकास को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था, “मुझे विश्वास है कि मानगढ़ धाम का विकास इस क्षेत्र को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और जागरूकता का स्थान बनाएगा… भारत सरकार के सहयोग से हम इसे और विकसित कर सकते हैं। इसे राष्ट्रीय स्मारक कहा जाए या कुछ और, लेकिन भारत सरकार और इन चार राज्यों के आदिवासी समाज के बीच इसका सीधा संबंध है।”
समय-समय पर बीजेपी के कई नेताओं ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्थल बनाने की मांग उठाई है। 2015 में बीजेपी के तत्कालीन उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा ने संसद में कहा था कि मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किया जाना चाहिए।
2019 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने मानगढ़ धाम राष्ट्रीय स्मारक विधेयक को निजी सदस्य विधेयक के रूप में पेश किया था, ताकि इस स्थल के विकास को आगे बढ़ाया जा सके। हालांकि, यह विधेयक कभी पारित नहीं हुआ। कई मौकों पर पूर्व बांसवाड़ा सांसद कनक मल कटारा ने भी संसद में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्थल घोषित करने की मांग उठाई थी। मार्च 2025 में बीजेपी के उदयपुर सांसद मन्ना लाल रावत ने भी सरकार से मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग की थी।
यह भी पढ़ें: थार का कल्पवृक्ष संकट में: जिस खेजड़ी ने रेगिस्तान को जीवन दिया, अब उसी के अस्तित्व पर सबसे बड़ा खतरा
रेगिस्तान में खेजड़ी के वृक्ष को पर्यावरण का संरक्षक माना जाता है। यह भीषण गर्मी और सूखे में भी हरा-भरा रहता है। इसकी लंबी जड़ें रेतीली मिट्टी को मजबूती से बांधकर रखती हैं, जिससे आंधी में मिट्टी का कटाव रुकता है। इसकी पत्तियां पशुओं के लिए पौष्टिक चारा होती हैं। इसकी कच्ची फलियों की स्वादिष्ट सब्जी बनती है। इसकी छाल का इस्तेमाल औषधि बनाने में भी होता है। यानी रेगिस्तान की प्रकृति और जनजीवन से खेजड़ी का संबंध बहुत गहरा है। थार में इसे ‘कल्पवृक्ष’ का दर्जा दिया गया है। मगर विडंबना यह है कि शुष्क क्षेत्र के पर्यावरण की दृष्टि से जीवनदायिनी माने जाने वाले खेजड़ी के संरक्षण और विस्तार के लिए आज तक जमीनी स्तर पर कोई विधिवत सरकारी योजना नहीं बनी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
