मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने तीन बार अपनी पत्नी को जान से मारने की कोशिश की। तीनों बार असफल होने पर चौथी बार उसने सुपारी किलर को काम पर रखा और आत्महत्या का नाटक रचा। जांचकर्ताओं का दावा है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची थी क्योंकि इससे पहले उसे मारने के तीन प्रयास विफल रहे थे।

पोवई अपार्टमेंट में जिसे शुरू में आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, अब वह कथित तौर पर सुपारी लेकर की गई हत्या का मामला साबित हो गया है। मुंबई पुलिस ने 40 वर्षीय सखाराम चौधरी और उसके तीन साथियों को उसकी पत्नी 35 वर्षीय गीता चौधरी की हत्या की साजिश रचने और फिर उसे छत के पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान शंकर लोगरलाल डांगी, अमरचंद गैरी और दिनेश गैरी के रूप में हुई है, जिनकी आयु लगभग 25 वर्ष है।

सखाराम का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था

चांदिवली के संघर्ष नगर निवासी और हार्डवेयर की दुकान के मालिक चौधरी अपनी पत्नी, 12 और 5 वर्ष की आयु के दो बच्चों और माता-पिता के साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक, सखाराम का कथित तौर पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था और वह उसके साथ रहना चाहता था। जांचकर्ताओं का दावा है कि उसने 2024 में अपनी पत्नी की हत्या की योजना बनाना शुरू किया और कथित तौर पर अपने सहयोगी डांगी को 6 लाख रुपये की पेशकश की, जिसने बाद में दो अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर लिया।

सखाराम ने अगस्त 2024 में उसी इलाके की एक दूसरी इमारत में एक फ्लैट किराए पर लिया और अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहां रहने लगा। पुलिस ने बताया कि साजिशकर्ताओं ने गीता को जान से मारने के कई प्रयास किए जिसके बाद उनकी अंतिम योजना सफल हुई। पहली योजना में आरे कॉलोनी रोड से रात के खाने के बाद लौटते समय उस पर किसी भारी वस्तु से हमला करना शामिल था। हालांकि, आरोपी द्वारा इलाके में लोगों की आवाजाही देखने के बाद इस प्रयास को छोड़ दिया गया।

मर्डर के बाद शव को पंखे से लटका दिया

दूसरी योजना एक घातक सड़क दुर्घटना को अंजाम देने की थी लेकिन जांचकर्ताओं ने कहा कि यह योजना विफल रही। तीसरी कोशिश में कथित तौर पर उसे चलती ट्रेन से धक्का देने की बात कही गई थी लेकिन यह भी सफल नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार, अंतिम योजना को 14 अक्टूबर 2024 को अंजाम दिया गया जब दोपहर में गीता घर पर अकेली थी जबकि बच्चे स्कूल में थे। जांचकर्ताओं का कहना है कि तीनों साथियों ने घर में घुसकर महिला का गला घोंट दिया। सखाराम बाद में वहां पहुंचा और आरोपियों ने कथित तौर पर शव को रसोई के छत के पंखे से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या का मामला लगे।

पति ने बताया आत्महत्या का मामला

यह घटना तब सामने आई जब दंपति का 12 वर्षीय बेटा ट्यूशन से लौटा और उसने दरवाजा बंद पाया। उसने अपने पिता को फोन किया, जिसके बाद सखाराम चौधरी मौके पर पहुंचे, दरवाजा खोला और पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। गीता रसोई में नायलॉन की रस्सी से लटकी हुई मिली। साकीनाका पुलिस ने शुरू में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया।

अंतिम संस्कार के बाद, गीता के पिता भानराम चौधरी ने राजस्थान के पाली जिले के रानी पुलिस स्टेशन में साजिश का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। 18 अक्टूबर, 2024 को वहां हत्या का मामला दर्ज किया गया और बाद में घटना साकीनाका पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण इसे मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया।

महिला के शव को कब्र से निकालकर की गयी जांच

अदालत के आदेश के बाद, 8 जनवरी, 2025 को गीता के शव को कब्र से निकाला गया और एक चिकित्सा बोर्ड द्वारा उसकी जांच की गई। पहले एकत्र किए गए नमूनों को भी जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेजा गया। सर जेजे अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा की गई समीक्षा में पीड़ित के गले पर दो अलग-अलग निशान पाए गए, जो आत्महत्या के सामान्य मामलों में एक असामान्य बात है।

पुलिस के अनुसार, निशानों की दिशा, लंबाई और चौड़ाई अलग-अलग थी और उनके बीच की त्वचा पर रस्सी के फिसलने के संकेत मिले। जांचकर्ताओं ने कहा कि इन निष्कर्षों से यह संभावना बनती है कि शव को लटकाने से पहले पीड़ित का गला घोंटा गया था। फोरेंसिक जांच के बाद, साकिनाका पुलिस ने फरवरी के पहले सप्ताह में पति से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, जांचकर्ताओं का दावा है कि चौधरी ने हत्या की साजिश रचने और सुपारी लेकर हत्या करने की बात कबूल की।

पुलिस ने बताया कि उसने कथित तौर पर 6 लाख रुपये नकद दिए और गूगल पे के माध्यम से डांगी को 70,000 रुपये ट्रांसफर किए। डांगी से पूछताछ के आधार पर अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत बैंक लेनदेन रिकॉर्ड और डिजिटल पेमेंट के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। चारों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

पति के निधन के बाद महिला ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 30 साल की एक महिला ने कथित तौर पर शनिवार को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। उसने अपने पीछे एक दुखद वाट्सऐप स्टेटस वीडियो छोड़ा है, जिसमें उसने अपने दिवंगत पति के बिना न जी पाने की बात कही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें