West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह के बीच पश्चिम बंगाल बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने रविवार को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी पार्टी के चुने हुए प्रतिनिधियों को सिर्फ नौकर बना दिया है।
सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी के उस दावे का जिक्र किया जिसमें कहा गया था कि पार्टी की चुनावी हार के बाद एक समीक्षा बैठक में विधायकों से कहा गया था कि वे ममता बनर्जी के भतीजे और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आने पर खड़े होकर तालियां बजाएं।
ममता ने सांसदों और विधायकों के साथ नौकर जैसा बर्ताव किया- सिन्हा
पूर्वी बर्धमान में समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने कहा, “ममता बनर्जी ने टीएमसी के सभी विधायकों और सांसदों के साथ सिर्फ नौकरों जैसा बर्ताव किया, चुनाव में हार के बाद एक बैठक हुई जिसमें यह आदेश दिया गया कि जब अभिषेक बनर्जी अंदर आएं तो सभी को उनके स्वागत में खड़ा होना होगा और जब वे जाएं तो फिर से खड़ा होना होगा। जिन नेताओं में आत्म-सम्मान था और जो सत्ता से चिपके रहने के लिए इतने लंबे समय से अपनी गरिमा को दबाए हुए थे, वे सोचने लगे, अब क्या बचा है जब सत्ता चली गई है? इसलिए, वे सभी चले गए।”
अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों में तृणमूल की हार के बाद पार्टी ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुटों में बंट गई। बागी गुट का दावा है कि उन्हें टीएमसी के नवनिर्वाचित 60 से ज्यादा विधायकों का समर्थन हासिल है। लोकसभा में टीएमसी के 28 में से 20 सांसद एनसीपीआई में शामिल हो गए और केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए सरकार को समर्थन दिया। अब बीजेपी पश्चिम बंगाल में भी सत्ता में है।
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी पदों से दिया इस्तीफा
इस बीच टीएमसी के लिए एक बड़े झटके के तौर पर, पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शनिवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्य प्रमुख का पद संभालने के बमुश्किल एक महीने बाद ही यह फैसला लिया। ममता बनर्जी को लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में, भट्टाचार्य ने घोषणा की कि वह राज्य अध्यक्ष का पद छोड़ रही हैं, उन्हें जून में ही इस पद पर नियुक्त किया गया था।
यह भी पढ़ें: ‘तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में जाकर ताला लगाने वालों…’, ऑफिस पर कब्जे से भड़कीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “मैं उन पार्टी सदस्यों के प्रति अपना समर्थन और आभार व्यक्त करती हूं जो पार्टी के साथ बने रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मेरे सहयोगी और पार्टी के प्रवक्ता सार्वजनिक रूप से बयान दे रहे हैं, लेकिन मैं चुप रही हूं। कभी-कभी चुप्पी शब्दों से ज्यादा कुछ कह जाती है।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
