West Bengal SIR: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। एसआईआर को लेकर तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सांसदों डोला सेन और डेरेक ओब्रायन की याचिका पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। इन पर चार फरवरी को सुनवाई होने की संभावना है।
सोमवार को ममता बनर्जी अपने दल के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने वाली हैं। रविवार को दिल्ली रवाना होने से पहले टीएमसी सुप्रीमो ने भारतीय जनता पार्टी पर आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित हार के कारण एसआईआर का सहारा लेने का आरोप लगाया।
राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से लड़े चुनाव- ममता बनर्जी
कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “वे (बीजेपी) जानते हैं कि वे बंगाल में हारेंगे। इसीलिए वे एसआईआर का इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर उनमें हिम्मत है, तो मैं उनसे अपील करूंगी कि वे चुनाव आयोग और एजेंसियों का इस्तेमाल चुनाव के खिलाफ करने के बजाय राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ें।” उन्होंने कहा कि कि इसी तरह की प्रथाओं ने अन्य राज्यों में चुनावी परिणामों को प्रभावित किया है।
ये भी पढे़ं: ‘बंगाल को एक पैसा नहीं मिला, फंड भी नहीं दे रहे’, बजट पर CM ममता का पहला बयान
लगभग एक महीने पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि वे नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक ‘आम नागरिक’ के रूप में सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगी। दक्षिण 24 परगना के गंगासागर मेले में बोलते हुए उन्होंने कहा था कि अगर जरूरी हुआ तो वे जनता की ओर से पैरवी करने और वहां बोलने की विशेष अनुमति मांगने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगी।
मैं जनता की पैरवी करूंगी- सीएम बनर्जी
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा था, “अगर जरूरी हुआ तो मैं सुप्रीम कोर्ट जाऊंगी और जनता के लिए पैरवी करूंगी। मैं जनता की ओर से बोलूंगी।” उन्होंने आगे कहा, “मैं वकील के तौर पर नहीं जाऊंगी, हालांकि मैं वकील हूं। एक आम नागरिक के तौर पर मैं बेझिझक अपनी बात कह सकती हूं। मैं अपनी बात कहने की इजाजत लूंगी और जमीनी स्तर पर जो हो रहा है, जो हकीकत है और जिस तरह लोगों को परेशान किया जा रहा है, उसे साफ तौर पर दिखाने की कोशिश करूंगी। बीजेपी चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, उसे कामयाबी नहीं मिलेगी।”
ये भी पढ़ें: हाई कोर्ट में सुनवाई स्थगित, ममता से टकराव के बीच सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी
