पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझान आने के बाद सीएम ममता बनर्जी ने पहला बयान जारी किया है। टीएमसी प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। नतीजों में पिछड़ने के बाद आए इस पहले बयान में ममता ने कहा है कि काउंटिंग सेंटर पर हमें रोका गया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि काउंटिंग एजेंट्स बूथ ना छोड़ें क्योंकि अभी कई राउंड की गिनती बाकी है।

ममता ने अपने संदेश में कहा, ”यह बीजेपी का प्लान है, मैं कल से ही यह सुन रही हूं कि बीजेपी चुनाव में आगे रहेगी। कई जगहों पर मतगणना रोक दी गई है।”

ममता बनर्जी ने आगे कहा, ”कल्याणी में ऐसी मशीनें में पाई गई हैं जहां मिलान नहीं हो रहा है। केंद्रीय बलों के जरिए हर तरफ से टीएमसी के खिलाफ अत्याचार किए जा रहे हैं। एसआईआर के जरिए वोट चोरी करने की कोशिश की गई और अब भी हम 100 से ज्यादा सीटों से आगे हैं। लेकिन यह दिखाया नहीं जा रहा है। सब कुछ गलत रिपोर्ट किया जा रहा है।

LIVE: अधीर रंजन चौधरी बहरामपुर सीट से पीछे

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि इलेक्शन कमीशन पूरी तरह अपनी मर्जी से काम कर रहा है और केंद्रीय बल भी उनके साथ हैं। पुलिस भी केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही है।

ममता ने टीएमसी कार्यकर्ताओं से अपील की, ”मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से कहना चाहती हूं कि निराश होने की कोई जरूरत नहीं है; आप लोग सूर्यास्त के बाद जीतेंगे। अभी केवल 2-4 राउंड की गिनती हुई है जबकि कुल गिनती 14–18 राउंड तक जाती है और अंत में हमारी ही जीत होगी। किसी को डरने की जरूरत नहीं है।”