तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। इसके साथ ही राज्य में लगभग छह दशकों से जारी दो प्रमुख द्रविड़ दलों डीएमके और एआईएडीएमके के बारी-बारी से सत्ता में आने का दौर खत्म हो गया। विजय के सीएम बनने पर टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुभकामनाएं दी हैं।

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) की शानदार जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई देती हूं। मैं श्रीमान विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर भी अपनी शुभकामनाएं देती हूं।”

ममता बनर्जी ने दी शुभकामनाएं

ममता बनर्जी ने आगे लिखा, “यह निर्णय तमिलनाडु की जनता की आकांक्षाओं, विश्वास और लोकतांत्रिक इच्छाशक्ति को दर्शाता है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में तमिलनाडु प्रगति, कल्याण और समावेशी विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। मैं उन्हें और उनकी सरकार को जनता की सेवा में समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ सफलता की कामना करती हूं।”

सीएम विजय के भाषण की बड़ी बातें

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि वे अपनी सरकार में एकमात्र सत्ता का केंद्र होंगे और उन्होंने खुद को साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले एक आम आदमी के रूप में पेश करने की कोशिश की। विजय ने कहा कि वह गरीबी और भूख से भलीभांति परिचित हैं, क्योंकि उनका जन्म एक साधारण सहायक फिल्म निर्देशक के पुत्र के रूप में हुआ था, जो कड़ी मेहनत करके सिनेमा जगत में सफलता प्राप्त करना चाहता था।

मुख्यमंत्री ने अपने पहले भाषण में कहा, “मैं किसी शाही वंश से नहीं आता, मैं आप जैसा ही हूं और आप में से एक हूं, आपके परिवार का एक सदस्य हूं।” उन्होंने कहा कि वे वास्तव में खुद को उनमें से एक, उनका बेटा या भाई जैसा महसूस कर रहे हैं। वह परोक्ष तौर पर, वह इस बात पर जोर दे रहे थे कि उन्हें किसी बड़े स्थापित राजनीतिक परिवार का समर्थन हासिल नहीं है।

विजय ने कहा कि अपने राजनीतिक सफर में उन्हें और उनके समर्थकों को कई कठिनाइयों और अपमानों का सामना करना पड़ा। कठिनाइयों और अपमानों के बावजूद साथ खड़े रहने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे भी एक साधारण इंसान हैं, कोई फरिश्ता नहीं। उन्होंने कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं झूठे वादे करके आपको धोखा नहीं दूंगा।” उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के समर्थन से वे मुश्किल से मुश्किल काम भी पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे आपको तमिलनाडु सरकार की वर्तमान स्थिति के बारे में बताना है। राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है, जिससे असहनीय बोझ पड़ गया है।”

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसी स्थिति में ही जिम्मेदारी संभाली है। उनका विचार पहले मौजूदा हालात का पूरी तरह आकलन करना और फिर एक श्वेत पत्र जारी करना था, जिसमें एक पारदर्शी सरकार देकर आगे बढ़ा जाए। विजय ने आश्वासन दिया कि वे पारदर्शी और खुले रहेंगे। उन्होंने कहा, ”आपने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही, मैं आपसे कुछ समय देने का अनुरोध करता हूं। मैं चरणबद्ध तरीके से अपने सभी वादों को पूरा करने का प्रयास करूंगा। मैं अपने वादों को पूरा करूंगा। साथ ही, यदि आप मुझे कुछ समय देंगे, तो यह मेरे लिए मददगार और सहयोगात्मक होगा। यह आपकी सरकार है।” पढ़ें पूरी खबर…