टीएमसी चीफ ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा न देने के फैसले को शिवनेता (UBT) नेता संजय राउत ने सही ठहराया है। राउत ने एक पोस्ट के जरिए उद्धव ठाकरे बनाम महाराष्ट्र सरकार का हवाला दिया है।
संजय राउत ने अपनी पोस्ट में लिखा, “ममता बनर्जी का इस्तीफा न देने का फैसला पूरी तरह से उचित है। तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ द्वारा उद्धव ठाकरे बनाम महाराष्ट्र सरकार मामले में दिए गए फैसले के अनुसार, अदालत ने उद्धव ठाकरे को उनके पद पर बहाल नहीं किया, क्योंकि उन्होंने स्वयं इस्तीफा दिया था।”
ममता बनर्जी ने क्या कहा था ?
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वो चुनाव नहीं हारी हैं इसलिए इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने मंगलवार को चुनाव हारने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया था।
ममता बनर्जी ने इस्तीफे के बारे में कहा कि मैं क्यों जाऊंगी। हम तो हारे नहीं हैं कि जाएंगे। हार का सुबूत देते तो इस्तीफा देते। जोर-ज़बरदस्ती करके कोई बोले कि इस्तीफा देना होगा तो नहीं। अभी इस्तीफ़ा नहीं दूंगी। मैं ये कहना चाहती हूं कि हम चुनाव नहीं हारे हैं।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी की हार के लिए चुनाव आयोग को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मुख्य विलेन है। ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी सदस्यों के साथ आगे की स्ट्रैटजी पर चर्चा की जाएगी। मैं अब बीजेपी के अत्याचारों को और बर्दाश्त नहीं करूंगी। मैं सड़कों पर लौटूंगी।
ममता के बयान पर भाजपा क्या बोली?
वहीं, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। बीजेपी के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जैसी बातें वो बोल रही हैं, उनसे वो खुद को ही हास्यास्पद बना रही हैं। वो कुछ दिनों तक प्रचार की रोशनी में रहना चाहती हैं, इसलिए वो ऐसी बातें कर रही हैं। इस तरह की हास्यास्पद बातों का कोई जवाब भारतीय जनता पार्टी या संविधान में विश्वास करने वाली कोई पार्टी नहीं दे सकती।
ममता बनर्जी इस्तीफा नहीं देंगी: हार के बाद BJP और EC पर फूटा ‘दीदी’ का गुस्सा
