Jammu-Kashmir News: श्रीनगर के एसकेआईसीसी में मंगलवार को नए ग्रामीण विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को केंद्रशासित प्रदेश का सच्चा मित्र और शुभचिंतक बताया।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “आपको जब मध्यप्रदेश के लोगों ने मामा के तौर पर तस्लीम किया, तो उनका ये तस्लीम करना गलत नहीं था क्योंकि जो आप जम्मू-कश्मीर के लिए कर रहे हैं, उसका अगर 50 फीसदी भी मध्यप्रदेश के लिए किया होगा तो ये मामा का आपको लगा हुआ टैग बिल्कुल आपको जंचता है। हमने भी आपको ना सिर्फ इसी अंदाज में देखा है, बल्कि कबूल भी किया है। इस रिश्ते को और मजबूत बनाने में आपने कोई कसर नहीं छोड़ी है।”
हमें और धनराशि मांगने की जरूरत नहीं- उमर अब्दुल्ला
अब्दुल्ला ने कहा कि फिलहाल उन्हें और धनराशि मांगने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पिछले एक साल में पीएमजीएसवाई के तहत जम्मू और कश्मीर को 8000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा, “मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि हम अगले कुछ महीनों में स्वीकृत परियोजनाओं पर काम शुरू कर देंगे। जब आप कार्यों से संतुष्ट हो जाएंगे, तो (उपमुख्यमंत्री) सुरिंदर चौधरी और मैं और परियोजनाओं की मंजूरी के लिए आपसे दोबारा संपर्क करेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन को काफी हद तक बदल देता है, क्योंकि इससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार तक पहुंच मिलती है।
उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, “जिस यात्रा में पहले घंटों लगते थे, अब मोटर योग्य सड़क बनने से वह आसान हो गई है। पर्यटक यहां शहरों और कस्बों को देखने आते हैं, लेकिन हमारा दिल गांवों के लिए धड़कता है।” अब्दुल्ला ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय से मिली मदद से ‘विकसित जम्मू और कश्मीर’ और ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, “मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम धनराशि का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगे ताकि जम्मू और कश्मीर के लोगों को इसका लाभ मिल सके।”
नई सड़क परियोजनाओं का किया शुभारंभ
बता दें कि इससे पहले शिवराज चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (PMGSY) के चौथे चरण के तहत 3550 रुपये की लागत वाली 330 नई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनका उद्देश्य क्षेत्र में 1600 किलोमीटर की दूरी तय करना है। सरकार के एक बयान के अनुसार, इन सड़कों से जम्मू और कश्मीर की 363 दूरस्थ बस्तियों को लाभ मिलेगा।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने तिरंगे जैसे रिबन को काटने से किया इनकार
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को श्रीनगर में एक कार्यक्रम में केसरिया, सफेद और हरे रंग के उद्घाटन रिबन को काटने से इनकार कर दिया। इसके बजाय, उन्होंने रिबन खोलकर आयोजकों को वापस सौंप दिया और उनसे इसे सम्मानपूर्वक रखने का अनुरोध किया। पढ़ें पूरी खबर…
