मानसून सत्र के पहले ही दिन सीजेपी के प्रदर्शन का मामला संसद में गूंजा। राज्यसभा में बोलते हुए सोमवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह छात्रों का मामला है लेकिन सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।
राज्यसभा में नीट छात्रों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, “यह छात्रों का मामला है, मैं लाखों बच्चों के भविष्य के बारे में कर रहा हूं। उसके लिए आज जंतर मंतर हजारों बच्चे आए हैं, वहां लाठीचार्ज हो गया है। सरकार मारने की कोशिश कर रही है, सरकार दबाने की कोशिश कर रही है। सरकार कुचलकर वहां से हटाने की कोशिश कर रही है।”
डिंपल के नेतृत्व में संसद से जंतर मंतर की तरफ बढ़े सपा सांसद
सीजेपी और नीट छात्रों के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के सांंसद डिंपल यादव के नेतृत्व में संसद से जंतर मंतर की तरफ आगे बढ़े। डिंपल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश भर में हालात ऐसे हैं कि युवा अपनी चिंताएं जाहिर करना चाहते हैं, लेकिन सरकार न तो उनकी बात सुनने को तैयार है और न ही बातचीत करने को।
उन्होंने आगे कहा कि छात्रों ने बार-बार यह बात कही है और सोनम वांगचुक ने भी सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की है, लेकिन सरकार इतनी अड़ियल और बेपरवाह है कि वह किसी और की बात सुनने को तैयार नहीं है। सपा छात्रों के साथ खड़ी हैं और सपा सांसद जंतर-मंतर तक मार्च करने जा रहे हैं।
इकरा हसन बोलीं- धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन भी इस मार्च में शामिल थीं। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सरकार को नैतिकता के आधार पर जिम्मेदारी माननी चाहिए। यह देश के युवाओं के साथ हैं, धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
संभल से सपा सांसद जिया-उर-रहमान ने कहा कि छात्र और युवा देश के भविष्य हैं लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया। सपा का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने जा रहा है। हम उनकी मुहिम का समर्थन करते हैं। सोनम वांगचुक को जबरदस्ती जंतर मंतर से हटाकर अस्पताल ले जाया गया। सपा चाहती है कि सरकार छात्रों से बातचीत करे और उनकी मांगे माने।
सीजेपी के संसद मार्च से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए क्लिक करें
