कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को गोवा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक कार्यक्रम में अमित शाह के वंदे मातरम वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार MLA बना था, तब अमित शाह बच्चे थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ में रविवार को सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह अमर गान (वंदे मातरम) जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है तो वह भी सोनिया जी को रास नहीं आ रहा। सोनिया जी, 140 करोड़ जनता आपको देख रही है, आपके द्वारा किए गए इस पाप को देश की जनता कभी माफ नहीं करेंगी।

आजादी के लिए कांग्रेस के लोग लड़े- मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “अमित शाह जो सोनिया गांधी और गांधी परिवार के खिलाफ बात करते हैं। अरे जब मैं पहली बार विधायक बना था, तब अमित शाह बच्चे थे और आज हमें देशभक्ति सिखा रहे हैं। मैं विधायक बना था तब अमित शाह ठीक से खड़े भी नहीं हुए थे। उनकी उम्र 57 या 58 है। ये सब 56-57 साल वाले हैं। देश की आजादी के लिए कांग्रेस के लोग लड़े, क्या तुम लड़े बताओ। कौन सा बीजेपी का नेता आजादी के लिए लड़ा बताओ, आरएसएस में से कोई इस देश की आजादी के लिए लड़े बताओ और हमको देशभक्ति सिखाते हो।”

एंटी इंडिया और एंटी रिलिजन भाजपा है- कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “कहते हो हम देश भक्त नहीं हैं, ये लोग देश के खिलाफ हैं, एंटी इंडिया। अरे एंटी इंडिया (देशद्रोही) तुम (भाजपा) लोग हो, एंटी रिलिजन (धर्म विरोधी) तुम लोग हो। एंटी रिलिजन तुम इसलिए हो कि जब मैं उत्तराखंड गया और वहां भाषण दिया तो BJP के लोगों ने मंच का शुद्धिकरण कर दिया।”

आगे कहा कि क्या यह देश का अपमान नहीं है। कहां है तुम्हारा धर्म, क्यों तुम्हारा धर्म ये सिखाता है, क्या तुम्हारे लोग ये सिखाते हैं। क्या तुम्हारे गुरुओं ने यही सिखाया है? तुम्हारे गोलवरकर गुरु कहां है, कहां तुम्हारे अन्य गुरु जिसने तुम्हें सिखाया है। सबसे ज्यादा पापी लोग आप हैं। आपका पहले शुद्धिकरण होना चाहिए। मैं तो जनता का प्रतिनिधि हूं इस नाते मैं घूमता रहूंगा। बात करता रहूंगा, आपके (भाजपा) साथ लड़ता रहूंगा और इन लोगों को भगाते रहूंगा।

भाजपा चोरों की पार्टी- मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वो कहते थे कि कांग्रेस सरकार दिल्ली से आदेश लेती है, तो मैं पूछता हूं कि तुम कहां से ऑर्डर लेते हो। तुम भी दिल्ली के ऑर्डर वाले ही हो और वो भी ऐसे हो कि हमारे लोगों को चोरी से ले जाकर सरकार बनाई। आगे कहा कि ये (भाजपा) चोरों की सरकार है क्योंकि ये तोड़फोड़ कर सरकार बना लिए। BJP दूसरी पार्टियों को तोड़कर, विधायकों को खरीदकर अपनी सरकार बनाती है और दुनिया को ‘नैतिकता का ज्ञान’ देती है।

यह भी पढ़ें: ‘इस देश में दलितों के लिए कोई जगह नहीं’, हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर बोले खड़गे; जेपी नड्डा ने जताया खेद

उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दो दिन बाद एक दक्षिणपंथी संगठन ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण के लिए हवन किया। इसके बाद जबरदस्त सियासी विवाद खड़ा हो गया। अब मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रतिक्रिया दी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें