कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Kharge) ने रविवार को संगठनात्मक जवाबदेही की पुरजोर वकालत की और कहा कि जो लोग अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में असमर्थ हैं, उन्हें अपने सहयोगियों के लिए जगह बनानी होगी। कांग्रेस द्वारा गठित कांग्रेस संचालन समिति (Congress steering committee) की पहली बैठक में अपने उद्घाटन भाषण में मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य के प्रभारियों को अगले 30 से 90 दिनों में लोगों के मुद्दों पर आंदोलन के लिए एक रोडमैप प्रस्तुत करने के लिए कहा।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “मेरा मानना है कि पार्टी और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सबसे बड़ा हिस्सा है- ऊपर से नीचे तक संगठनात्मक जवाबदेही। अगर कांग्रेस संगठन मजबूत होगा, जवाबदेह होगा, लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा, तभी हम चुनाव जीत पाएंगे और देश की जनता की सेवा कर पाएंगे।”
कांग्रेस पदाधिकारियों को कड़े संदेश में खड़गे ने यह भी कहा कि पार्टी में जहां बहुत जिम्मेदार लोग हैं जो अपना कर्तव्य निभा रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने मान लिया था कि जिम्मेदारी की कमी को नजरअंदाज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह न तो सही है और न ही स्वीकार्य। जो लोग अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ हैं, उन्हें अपने सहयोगियों के लिए रास्ता बनाना होगा।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत जोड़ो यात्रा की भी सराहना करते हुए कहा कि यह राहुल गांधी के नेतृत्व में इतिहास लिख रही है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा अब एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुकी है। खड़गे ने यह भी कहा कि यह कांग्रेस के लोगों का कर्तव्य है कि वे सत्तारूढ़ ताकतों के खिलाफ लड़ें जो घृणा के बीज बोते हैं और विभाजन का फल काटते हैं।
बैठक में शामिल होने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके छत्तीसगढ़ समकक्ष भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, आनंद शर्मा, मीरा कुमार और अंबिका सोनी शामिल थे। राहुल गांधी बैठक में शामिल नहीं हुए क्योंकि उनके नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम को राजस्थान में प्रवेश करने वाली है। संचालन समिति का गठन कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थान पर किया गया है।