दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट संख्या एल एक्स147 टेक-ऑफ की तैयारी में थी। इसी दौरान टेक-ऑफ के वक्त इंजन नंबर-1 में तकनीकी खराबी आ गई और उसमें आग लग गई।

जैसे ही आग लगी, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टेक-ऑफ रद्द कर दिया और विमान को रनवे पर ही रोक लिया। उस समय विमान में 232 यात्री सवार थे। घटना के बाद पूरे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कैसे घायल हुए यात्री?

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही इंजन में आग लगी और विमान को रोका गया, यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकलने के दौरान कुछ यात्री घायल हो गए। घायलों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के चलते दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे संख्या-28 को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए होटल और वैकल्पिक उड़ानों का इंतजाम किया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर, कमेटी और रेस्क्यू टीम को सक्रिय कर दिया गया है।

यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दिल्ली एयरपोर्ट पर दो विमानों के विंग आपस में टकरा चुके हैं। इसके अलावा कई बार इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

ये भी पढ़ें- दो विमानों के डैने आपस में टकराए