महाराष्ट्र में Teachers Eligibility Test (TET) का पेपर लीक हो गया है। लीक पेपर ठाणे में मिला है। यह एग्जाम रविवार को होना था। इस तरह एग्जाम से 24 घंटे पहले पेपर लीक हो गया।
पेपर लीक होने के बाद राज्य सरकार ने एग्जाम स्थगित कर दिया है और इसकी नई तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, भिवंडी पुलिस को पेपर लीक होने की सूचना मिली थी और इसके बाद पुलिस ने ठाणे में छापा मारा, जहां कुछ लोगों के पास सीलबंद TET 2026 प्रश्न पत्र के पन्ने पाए गए।
इनकी जांच के लिए तुरंत महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया और भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। महाराष्ट्र का शिक्षा विभाग भी इस मामले की जांच में जुट गया है।
परीक्षा परिषद ने जारी किया बयान
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि TET 2026 परीक्षा, राज्य भर में 1,028 केंद्रों पर होने वाली थी। परिषद ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के मद्देनजर इसे स्थगित किया गया है।
परिषद ने ड्रेस कोड को लेकर उठे सवालों के बीच कहा था कि महिला उम्मीदवार परीक्षा के दौरान हिजाब, बुर्का या दुपट्टा पहन सकती हैं लेकिन इसमें शर्त यह है कि उनका चेहरा दिखाई देना चाहिए।
कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर कहा, ‘एक और पेपर लीक हो गया… BJP की सरकार में कोई ऐसा पेपर नहीं, जो लीक नहीं होता। ये सरकार ‘पेपर लीक सरकार’ बन चुकी है।’
NEET-UG पेपर लीक को लेकर सियासी बवाल
पिछले महीने ही NEET-UG का पेपर लीक हुआ था और इसके बाद देशभर में इसे लेकर सियासी हंगामा हुआ था।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को फिर से यह एग्जाम करवाया था। इस मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित तमाम विपक्षी राजनीतिक दल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी भी लगातार आवाज उठा रहे हैं।
इन सभी का कहना है कि इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं और जब तक मोदी सरकार उनका इस्तीफा नहीं ले लेती तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
यह भी पढ़ें- विरोध प्रदर्शन को लोकतंत्र का हिस्सा मानती है बीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को पेपर लीक और दूसरे परीक्षा विवादों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर समर्थन मिल रहा है। इस मामले में बीजेपी के नेताओं का क्या कहना है? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
