महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से हलचल मची है। एनसीपी शरद गुट के नेता जयंत पाटिल ने मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की। इसके बाद से फिर चर्चा शुरू हुई कि क्या शरद पवार बीजेपी के साथ यानी एनडीए में शामिल होने जा रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एनसीपी शरद गुट के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने पहले शरद पवार और फिर उसके बाद देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की।

इसके बाद एनसीपी के नेता सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने भी देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की। इसके बाद कयासों का बाजार गर्म हो गया जिस पर शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि मैंने सांसद सुप्रिया सुले से बात की है और वह भी मीडिया रिपोर्ट्स में जो खबरें छप रही है, उससे हैरान हैं।

जयंत पाटिल ने की सीएम से मुलाकात

पत्रकारों ने संजय राउत से जयंत पाटिल के देवेंद्र फड़नवीस से हुई मुलाकात को लेकर पूछा। जवाब में उन्होंने कहा, “जयंत पाटिल NCP (शरद पवार गुट) के एक अहम लीडर हैं और महा विकास अघाड़ी के भी एक अहम लीडर हैं। शिवसेना, NCP और कांग्रेस के बारे में ये अफवाहें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं। बीजेपी और शिंदे गुट ने कुछ खास हासिल नहीं किया है, इसलिए ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। आपके पास गलत खबर है। जयंत पाटिल के क्षेत्र के दो नगरसेवकों को जिला कलेक्टर ने निलंबित कर दिया और इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।”

सुप्रिया को लेकर संजय राउत का दावा

संजय राउत ने आगे कहा कि मैंने सुप्रिया सुले से बात की है और वह आज दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी और पूरा स्पष्टीकरण रखेंगी। संजय राउत ने कहा कि सुप्रिया सुले भी मीडिया में चल रही खबरों से हैरान हैं और मुझे लगता है वह आज सब कुछ साफ कर देगी।

बिल पढ़ने के लिए वक्त चाहिए- सुप्रिया सुले

परिसीमन बिल पर समर्थन को लेकर सुप्रिया सुले ने कहा कि सरकार के पास बिल को लेकर जवाब नहीं है और बिल पढ़ने के लिए वक्त चाहिए। उन्होंने कहा हम जब तक बिल को देख नहीं लेते, तब तक समर्थन नहीं करेंगे सुप्रिया सुले ने कहा कि बिल की कॉपी अभी तक हमें नहीं मिली है और अगर 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया जाता है तो हम समर्थन पर विचार करेंगे।

यह भी पढ़ें- शरद पवार से मुलाकात को लेकर क्या बोले एकनाथ शिंदे?

महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच मुलाकात हुई। इसे लेकर शिंदे ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को दुश्मन नहीं माना जा सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।