महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका लगा है। शिवसेना (UBT) की पार्टी प्रवक्ता और एमएलसी मनीषा कायंदे (MLC Manisha Kayande) रविवार शाम एकनाथ शिंदे की शिवसेना को जॉइन कर सकती हैं। मनीषा कायंदे को फायरब्रांड महिला नेताओं में से एक माना जाता है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कुछ और उद्धव ठाकरे गुट के नेता और पार्षद शिंदे गुट को जॉइन कर सकते हैं।

सोमवार को शिवसेना का 57वां स्थापना दिवस

बता दें कि सोमवार को शिवसेना का 57वां स्थापना दिवस है। सूत्रों के मुताबिक रविवार सुबह से उद्धव गुट मनीषा कायंदे से संपर्क नहीं कर पा रहा है और कहा जा रहा है कि उन्होंने संगठन छोड़ने के अपने फैसले के बारे में पार्टी नेतृत्व को जानकारी दे दी है। एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मनीषा कायंदे रविवार को वर्ली में आयोजित पार्टी के एक दिन के मेगा प्लेनरी में शामिल नहीं हुईं।

शिवसेना विधायक और प्रवक्ता संजय शिरसाट ने कहा कि यह सच है कि कायंदे जी आज रात (रविवार) हमारी पार्टी में शामिल होंगी। वे वर्षा बंगले में सीएम शिंदे की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगी। संजय शिरसाट ने कहा कि हमारे लिए रविवार और सोमवार बहुत महत्वपूर्ण दिन हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले समूह के और लोग हमारे साथ जुड़ेंगे। कई विधायक, नगरसेवक और पदाधिकारी शिवसेना में शामिल होना चाहते हैं। उनमें से कुछ दो दिनों के भीतर और अन्य आने वाले सप्ताह में शामिल होंगे।

इससे पहले फरवरी में शिवसेना UBT एमएलसी विप्लव बाजोरिया शिवसेना में शामिल हुए थे। मनीषा एक शिक्षिका थीं और उन्होंने भाजपा के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और 1997 में मुंबई निकाय चुनाव लड़ा था। हालांकि वह अपना पहला चुनाव हार गईं थीं। इसके बाद 2009 में मनीषा ने मुंबई में सायन कोलीवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन वह भी हार गईं। बाद में 2017 में वह एमएलसी बनीं।

हमें नुकसान नहीं: संजय राउत

पार्टी के स्थापना दिवस से पहले झटके के बावजूद शिवसेना यूबीटी के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मनीषा कायंदे को लेकर कहा हम इसे नुकसान या झटका नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि हम ऐसे स्वार्थी लोगों को पहचानने में असफल रहे।