महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के साकीनाका इलाके में खुले मैनहोल में गिरकर गुरुवार को असलम शेख की मौत हो गई। शुक्रवार को उनकी पत्नी ने बीएमसी समेत प्रशासनिक अधिकारियों से भावुक अपील की कि कहीं भी गड्ढा मत रखो।
असलम शेख मामले में सरकार ने एक्शन लेते हुए बीएमसी के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इस घटना की विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने निंदा की और इसे गैर-इरादतन हत्या करार दिया। साथ ही दोषी अधिकारियों पर सख्त आपराधिक कार्रवाई की भी मांग की।
कही भी गड्ढा खुला है तो बीएमसी वालों की गलती- असलम शेख की पत्नी
असलम शेख की पत्नी ने कहा, “कहीं भी गड्ढा खुला मत रखो। कहीं भी अगर गड्ढा है तो बीएमसी वालों की गलती है। आम जनता आसपास रहती है उनपर भी ध्यान दो, उस गड्ढे पर कुछ तो बचाव के लिए लगाओ, कुछ तो करो। कुछ नहीं तो बड़ी गाड़ी लगा दो। अगर गाड़ी खड़ी रहेगी तो कोई नहीं गिरेगा। कुछ तो लगा दो कि कोई गड्ढे में न गिरे। कुछ तो करो ये गड्ढे इंसान की जान ले रहे हैं। गड्ढे खुले मत रखो, गड्ढे की वजह से मेरे पति की जान चली गई।”
आगे कहा, “हम इसको-उसको गलती दें, हम यही चाहते हैं कि और किसी के अपने को कुछ न हो। आगे एक सवाल के जवाब में कहा, अगर उन लोगों (बीएमसी) को काम करना होता तो बारिश आने से पहले बैरिकेट लगाओ। बारिश आने से पहले गटर साफ करने का काम करो। जब बारिश आती है तो वो लोग आते हैं गड्ढा खोलकर भाग जाते हैं और ऐसी घटना हो जाती है। इसके लिए बीएमसी वाले डेडिकेडेट इंसान रखें जो इन चीजों पर ध्यान रखें। बीएमसी वालों जहां-जहां गड्ढे खोल रखे हैं, वहां जरूर चेक करें, अगर ढक्कन ढीली है तो उस पर भी ध्यान दो। बस मेरा पति गया है और किसी का न जाए।”
‘किसी नेता के घर से कोई मरेगा तब जागेगी सरकार’
इस मामले को लेकर असलम शेख के भाई की पत्नी से सवाल जब पूछा गया कि सरकार ने मामले में एक्शन लिया है, ऐसे आपको लग रहा क सरकार की ओर से क्या कमी रह गई? इस पर उन्होंने कहा, “सरकार में सबसे बड़ी अनुशासन की कमी है, हमारी कानूनी सिस्टम भी मजबूत नहीं है। अभी थोड़े दिन पहले चलती गाड़ी में मर्डर हुआ, उसके लिए कौन जिम्मेदार है? क्यों किसी को कानून का खौफ नहीं है? हमारे भाई की क्या गलती थी, छोटी-सी चीज पर उनकी जान चली गई तो कानून का खौफ क्यों नहीं लोगों को? कानून का खौफ होना चाहिए न। क्यों ठेकेदार लोग गलतियां करते हैं? एक गलती से इंसान सबक सीखता है लेकिन कई साल से हर साल इसी गलती की वजह से इंसान की जान जा रही है। तो गलतियां कब सुधरेंगी? ये लोग छोटे बच्चे हैं क्या? जब किसी बड़े नेता के घर से किसी की जान जाएगी तो सरकार सुधरेगी क्या?
की मुआवजे और नौकरी की मांग
आगे एक और सवाल के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का काम है ध्यान देना। सरकार हमारे लिए है। सरकार क्या कर रही है? ठेकेदारों को हजारों करोड़ों का फंड निकालकर दे देते हो, कहा से आता है पैसा, आम जनता देती है न। इस घटना को लेकर उन्होंने मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि परिवार की मांग है कि हमें मुआवजा दे और परिवार के सदस्य को नौकरी दे। साथ ही ऐसी घटना किसी और के साथ न हो। ऐसे ठेकेदार को काम दो सही सुरक्षा उपकरणों के साथ काम करे। किसी की जान से मत खेलो।
यह भी पढ़ें: मुंबई में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा, साकीनाका इलाके के खुले मैनहोल में गिरे असलम शेख, 4 घंटे बाद निकाला गया शव
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। राजधानी के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर 60 वर्षीय एक शख्स की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
