महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के तीन लोगों (मां-बाप और बेटा) की मौत के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, कथित तौर पर आईफोन की किश्त नहीं दे पाने को लेकर हुए विवाद में आत्महत्या करने वाले 18 साल के कुणाल चंदगुडे की मौसी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर ये कहा है कि आईफोन वाला दावा बिल्कुल गलत है। कुणाल की मौसी ने लोगों से अपील की है कि इस दावे को लेकर फैलाए जा रहे वीडियो बनाना बंद कर दीजिए, हमारा परिवार इस वक्त गहरे सदमे में है।
कुणाल की मां संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने अपने वीडियो में कहा है कि संगीता मेरी बड़ी बहन थी, कुणाल मेरा भतीजा था और मुरलीधर मेरे जीजा थे। इन तीनों को खोने के बाद हमारे परिवार पर कितना बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है, यह सिर्फ हम ही जानते हैं। अभी हम इन तीनों की अस्थियां लेकर लौट रहे हैं तो मैंने सोशल मीडिया पर आईफोन के दावे को लेकर वायरल हो रहे वीडियोज देखे तो हमारा दिल बैठ गया, मैं सभी लोगों से अपील करना चाहती हूं कि बिना सच्चाई जाने ऐसे दावे वाले वीडियो फैलाना बंद करें।
‘झूठी कहानी वाले वीडियो हमें दुख पहुंचा रहे हैं’
पल्लवी पाटिल के मुताबिक, आईफोन को लेकर कुणाल, संगीता और मुरलीधर की मौत नहीं हुई है बल्कि आईफोन वाली बात अफवाह है। पल्लवी का दावा है कि ऐसा दावा फैलाने वाले लोग कुछ नहीं जानते। पल्लवी पाटिल ने कहा कि उनका सोशल मीडिया फीड ऐसे वीडियो से भरा है जो परिवार की मौत के बारे में झूठी कहानी फैला रहे हैं। उन्होंने पूछा, “आपने इन वीडियो के जरिए अपनी राय दी है, लेकिन आपको कुछ नहीं पता। आप हमें नहीं जानते और आपको इन सबके पीछे की सच्चाई के बारे में पता नहीं है। और फिर भी आप झूठी कहानी फैला रहे हैं। क्या आपको एहसास है कि ये वीडियो मेरे माता-पिता को कितना दुख दे रहे हैं?”
असली कारण नहीं बताया वीडियो में
पल्लवी पाटिल ने कहा कि संगीता अपने माता-पिता के चार बच्चों में सबसे बड़ी थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी वीडियो बनाने से पहले उस परिवार के बारे में सोचें जो पीछे छूट गया है। पल्लवी ने इस वीडियो में यह भले कहा है कि आईफोन वाली बात अफवाह है लेकिन इन मौतों के पीछे का कारण नहीं बताया है।
क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक मामला सामने आया जहां कथित तौर पर एक 18 साल के लड़के की गलती की वजह से उसके मां और बाप भी साथ में मारे गए। दरअसल, संभाजीनगर में एक लड़के भी इसी वजह से पहाड़ी से कूदकर जान दे दी। उस लड़के को बचाने के चक्कर में उसके पिता भी पहाड़ी से गिर गए और फिर उसकी मां ने भी छलांग लगा दी। एक ही परिवार के तीनों लोगों की मौत हो गई। इस हादसे से पहले उसे बचाने की कोशिश हुई जिसको लेकर 3 घंटे तक पहाड़ी पर ड्रामा भी चला। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल है।
यह भी पढ़ें: ‘मुझे मरना ही होगा, यही रास्ता बचा है…’, महाराष्ट्र में iPhone की EMI को लेकर हुआ झगड़ा और खत्म हो गया परिवार, महाराष्ट्र में पहाड़ी से गिरकर बेटे और मां-बाप की मौत
महाराष्ट्र के एक परिवार में iPhone की EMI के भुगतान को लेकर शुरू हुए झगड़े का अंत बेहद दुखद तरीके से हुआ। इस घटना में बेटे, पिता और मां की मौत हो गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…
