Maharashtra Karnataka Border Row: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच जारी सीमा विवाद के बीच पुलिस सुरक्षा अलर्ट के बाद महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं निलंबित कर दी हैं। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने बुधवार सुबह ये फैसला लिया।
राज्य परिवहन विभाग ने पुष्टि की कि यह फैसला पुलिस विभाग के एक सुरक्षा अलर्ट के बाद लिया गया है। अलर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद से संबंधित आंदोलन के दौरान कर्नाटक में बसों पर हमला किया जा सकता है। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को फोन पर इस मुद्दे पर चर्चा की और दोनों राज्यों के बीच शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखने पर सहमति जताई।
इस बारे में सीएम बोम्मई ने ट्विटर पर लिखा, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे ने मेरे साथ टेलीफोन पर चर्चा की, हम दोनों इस बात पर सहमत हुए कि दोनों राज्यों में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।” इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बात करेंगे। चल रहे महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, फडणवीस ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को हुई घटनाओं पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से बात की थी।
कर्नाटक में महाराष्ट्र की गाड़ियों पर हमला: कर्नाटक में महाराष्ट्र की गाड़ियों पर हमले के विरोध में महाराष्ट्र के पुणे में शिव सैनिकों ने भी मंगलवार (6 दिसंबर) को कर्नाटक की सरकारी बसों पर कालिख पोती थी। इस मामले पर एनसीपी चीफ शरद पवार (Sharad Pawar) ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने का कहा था। दरअसल, कर्नाटक के बेलगावी में महाराष्ट्र के नंबर वाले ट्रकों को रोककर उन पर काली स्याही लगा दी गई थी, साथ ही उनपर पथराव भी किया गया। जिसके इसके विरोध में पुणे में कर्नाटक की बसों को निशाना बनाया गया।
देवेंद्र फडणवीस ने सीएम बोम्मई से की बात: जिसके बाद इस मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से बात की और बेलगावी के पास हिरेबगवाड़ी में हुई घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र से आने वाले वाहनों की सुरक्षा की जाएगी।