महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर कांग्रेस (INC) और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) ने सोमवार (सात अक्टूबर, 2019) को साझा घोषणा-पत्र जारी कर दिया। 51 पन्नों के इस मैनिफेस्टो में दोनों ही दलों ने बड़े-बड़े वादे किए हैं। मसलन वे सत्ता में आए, तब 5000 रुपए बेरोजगारी भत्ते के रूप में देंगे, जबकि निजी नौकरियों में 80 फीसदी आरक्षण भी मुहैया कराएंगे।
दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने घोषणा-पत्र जारी करने के दौरान बताया कि उन्होंने उन्हीं चीजों का वादा किया है, जो जरूरी हैं और जिन्हें लागू किया जा सकता है। मैनिफेस्टो में हर उस सेक्टर और मुद्दे को कवर करने की कोशिश की गई है, जो कि युलाओं, महिलाओं पर्यावरण, किसानों और शहरी व ग्रामीण विकास से जुड़ा है।
मैनिफेस्टो के मुताबिक, “हम कृषि को सम्मानजनक पेशा बनाने पर जोर देंगे। ऐसा संभव करने के लिए हमें शुरुआत के चार महीनों का कर्ज माफ करना होगा। कृषि आधारित उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।” महाराष्ट्र एनसीपी चीफ जयंत पाटिल ने बताया कि सूबे में बेरोजगारी दर बढ़ रही है।
बकौल पाटिल, “32,000 वैकेंसियों के लिए राज्य सरकार को 32 लाख आवेदन मिले हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए हम बेरोजगार युवाओं के बेरोजगारी भत्ता मुहैया कराएंगे।
दोनों ही दलों ने इसके अलावा दावा किया है कि वे निजी कंपनियों में स्थानीय लोगों को 80% आरक्षण मुहैया कराएंगे। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने बताया कि यह काम कानून लाकर अमल में लाया जाएगा। बता दें कि कांग्रेस और एनसीपी के साथ कुछ छोटे दल विस चुनाव गठबंधन में लड़ रहे हैं।
मोदी की महाराष्ट्र में नौ चुनावी रैलियां: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान भाजपा-शिवसेना गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में नौ रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भगवा गठबंधन के एक और स्टार प्रचारक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 18 रैलियों को संबोधित करेंगे और इसकी शुरूआत इसी सप्ताह लातूर जिले से करेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पूर्व निजी सहायक अभिमन्यु पवार लातूर जिले में औसा से भाजपा उम्मीदवार हैं।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि मोदी 13 अक्टूबर को उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव में रैली से अपने अभियान की शुरूआत करेंगे। इसके बाद उसी दिन विदर्भ के भंडारा जिले के सकोली में उनकी दूसरी जनसभा होगी। मोदी 16 अक्टूबर को अकोला, परतुल (जालना जिला) और पनवेल (नवी मुंबई) में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे । इसके बाद वह परली(बीड जिला), सतारा और पुणे में 17 अक्टूबर को जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
