Eknath Shinde Helicopter: मुंबई में गुरुवार दोपहर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई। खराब मौसम और तेज तूफानी हवाओं की वजह से उनका हेलिकॉप्टर बीच रास्ते में भटक गया। हालांकि पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते समय रहते हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लिया गया और जुहू के पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज मुंबई से मुरबाद जा रहे थे, जहां उन्हें अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी के परिवार में शादी समारोह में शामिल होना था। दोपहर करीब 3:30 बजे, हेलीकॉप्टर महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित हेलीपैड से मुरबाद के लिए रवाना हुआ। हालांकि, ऐरोली पहुंचने के कुछ ही समय बाद पायलट ने एक तूफान को आते हुए देखा।

सभी लोग सुरक्षित

संभावित खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत उपमुख्यमंत्री शिंदे को जानकारी दी और सलाह दी कि हेलीकॉप्टर को आगे बढ़ने के बजाय वापस मुड़ जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत रास्ता बदलने का फैसला किया। अगले कुछ ही मिनटों में, हेलीकॉप्टर पवन हंस हेलीपैड पर सफलतापूर्वक लैंड कर गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और उपमुख्यमंत्री शिंदे समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

हेलिकॉप्टर में कौन-कौन थे?

इस यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने महत्वपूर्ण दल के साथ थे। हेलिकॉप्टर में उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनायक पात्रुडकर, ओएसडी राजपूत और मुख्य सुरक्षा अधिकारी सहित कुल 8 लोग सवार थे। कुछ समय के लिए सभी की जान खतरे में थी, लेकिन लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। खराब मौसम के कारण दौरा कुछ समय के लिए बाधित हुआ, लेकिन शिंदे की सुरक्षा की खबर सुनकर कार्यकर्ताओं ने संतोष व्यक्त किया है।