पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर एक कार्टून इमेज शेयर करते हुए लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। ईंधन की कीमतों में इजाफे को लेकर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए लिखा कि मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया।
अखिलेश यादव ने कहा, ”हमने तो पहले ही कहा है कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं है।” सपा मुखिया का यह बयान शुक्रवार सुबह बढ़ीं ईंधन की कीमतों और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर राजनीतिक हमला है।
कांग्रेस ने पीएम को बताया ‘महंगाई मैन’
पार्टी ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है जबकि सीएनजी के दाम भी 2 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा, ”चुनाव खत्म – मोदी की वसूली शुरू।” पार्टी का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ेंगी तथा इसका असर रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च पर साफ दिखाई देगा।
आपको बता दें शुक्रवार सुबह देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। तेल कंपनियों की ओर से जारी नई कीमतों के बाद आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गौर करने वाली बात है कि ईंधन के दाम बढ़ने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता बल्कि इसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन लागत पर भी पड़ता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सब्जियों, खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है। पिछले कई दिनों से विपक्ष लगातार सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरने की कोशिश कर रहा है।
3-3 रुपये महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। यानी पेट्रोल और डीजल दोनों पर 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल सीएनजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
