महादेव ऐप से जुड़े मामले में गिरफ्तारी पर दिल्ली भाजपा ने विकास गर्ग को पार्टी से निष्कासित किया। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्डरिंग मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने विकास गर्ग को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित मनी लॉन्डरिंग मामले में ‘एबिक्स ग्रुप’ के चेयरमैन गर्ग को मंगलवार को गिरफ्तार किया था।

विकास ने साल 2024 में दिल्ली बीजेपी के आर्थिक सेल के संयोजक के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। एक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी ने उनके निष्कासन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पद से हटाने के साथ ही पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। दिल्ली भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, “विकास गर्ग को दिल्ली भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक पद से हटा दिया गया है। पार्टी की उनकी प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई है।” वह दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और तीन बार विधायक रह चुके नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं।

विकास गर्ग को 10 दिन की ईडी हिरासत

ईडी के अनुसार, महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ राजनेता और नौकरशाह शामिल हैं। गर्ग इस मामले में गिरफ्तार किए जाने वाले 14वें व्यक्ति हैं। छत्तीसगढ़ की विशेष पीएमएलए अदालत ने बुधवार को विकास गर्ग को 10 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया था।

ईडी ने तर्क दिया कि मामले में शामिल धन के लेन-देन का पता लगाने के लिए हिरासत में उनसे पूछताछ आवश्यक थी। एजेंसी ने अदालत को सूचित किया कि गर्ग की 940 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही जब्त की जा चुकी है। एजेंसी ने आगे बताया कि गर्ग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांछित है, जिसमें रायपुर की विशेष अदालत में 74 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया जा चुका है।

ईडी ने अदालत को यह भी बताया कि गर्ग को जांच में शामिल होने के लिए तलब किया गया था लेकिन वह पेश नहीं हुए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एजेंसी ने कहा कि यह मामला आठ एफआईआर और एक ईसीआईआर पर आधारित है। ईडी ने स्पष्ट किया कि हालांकि विकास गर्ग का नाम किसी भी एफआईआर में नहीं है लेकिन चल रही जांच के लिए उनकी हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।

यह भी पढ़ें: बीजेपी के गुंडों ने की थी मेरे हार्ट अटैक से मरने की कामना- ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को दावा किया कि चुनाव परिणाम वाले दिन बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके हार्ट अटैक से मरने की कामना की थी। उन्होंने कहा कि मैं तब तक जिदा रहूंगी जब तक तुम्हारा अंत न देख लूं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें