तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को मद्रास हाईकोर्ट से एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, हाईकोर्ट ने सोमवार को राज्य की पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर लगी रोक को आगे बढ़ा दिया है। टीवीके ने इस रोक को हटाने की एक याचिका हाईकोर्ट में दाखिल की थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इन पांच सीटों में से एक सीट पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने ही जीत दर्ज की थी।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, चुनाव आयोग ने हाई कोर्ट को बताया कि जब तक पेंडिंग चुनाव याचिकाओं पर फैसला नहीं हो जाता तब तक वह पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की सूचना जारी नहीं करेगा।

क्या कहा चुनाव आयोग ने?

चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा है कि चुनाव से जुड़े मामलों के निपटारे तक उपचुनाव की घोषणा करने की कोई योजना नहीं है। वहीं मुख्यमंत्री विजय के पक्ष ने इसका विरोध किया है। टीवीके के पक्ष ने कहा है कि उपचुनाव पर रोक लगाने वाले मामले की जल्द सुनवाई की जाए और इस रोक को हटाया जाए।

हाईकोर्ट ने 8 सितंबर तक बढ़ा दी है रोक

बता दें कि हाईकोर्ट ने इन पांच सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर लगी अंतरिम रोक को 8 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। तमिलनाडु में जिन पांच सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें तिरुचिरापल्ली ईस्ट, करूर, विरलीमलाई, पेरुंदुरई और अंबासमुद्रम शामिल हैं। इनमें से मुख्यमंत्री विजय ने पेरुंदुरई और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से चुनाव लड़े थे और दोनों ही सीटों पर उन्होंने जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने तिरुचिरापल्ली ईस्ट को छोड़ने का फैसला किया था जिसकी वजह से यहां उपचुनाव होना है।

पांचों सीटों के उपचुनाव पर क्यों है रोक?

ANI के मुताबिक, इन पांच सीटों पर जीतने वाले उम्मीदवारों की जीत को चुनौती देने वाली याचिकाएं अभी लंबित हैं इसी वजह से यहां उपचुनाव पर रोक लगाई गई है। उन्हीं याचिकाओं में से एक याचिका में DMK प्रेसिडेंट और तमिलनाडु के पूर्व CM एमके स्टालिन ने कोलाथुर विधानसभा से TVK उम्मीदवार वीएस बाबू की चुनावी जीत को चुनौती दी है।

याचिका में क्या की गई है मांग?

पांचों सीटों के चुनावी नतीजों को चुनौती देने वाली याचिकाओं में वोटिंग मशीनों में कथित खराबी और VVPAT मशीनों से जुड़ी गड़बड़ियों का हवाला देते हुए दोबारा से वोटों की गिनती कराने का आदेश जारी किए जाने की मांग की गई है। कोलाथुर सीट को लेकर दायर याचिका में स्टालिन ने यह भी मांग की है कि वीएस बाबू का चुनाव रद्द कर दिया जाए और उन्हें खुद विजेता घोषित किया जाए। स्टालिन कोलाथुर से तीन बार MLA रहे, लेकिन लगातार चौथी बार सीट नहीं जीत पाए।

यह भी पढ़ें: परंदूर हवाई अड्डा परियोजना को रद्द करने पर विजय सरकार पर भड़के अन्नालाई, कहा- 10 साल पिछे चला जाएगा तमिलनाडु का विकास

के. अन्नामलाई ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय द्वारा चेन्नई के दूसरे हवाई अड्डे के रूप में प्रस्तावित परंदूर परियोजना को रद्द करने की घोषणा के बाद राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। यहां पढ़ें पूरी खबर…