शादी, परिवार में किसी की मौत, लंबे इंतजार के बाद बच्चे का जन्म और बुखार आना… ये कुछ ऐसी वजहें हैं जो मध्य प्रदेश के युवा कांग्रेस नेताओं ने बताई हैं। इन नेताओं को दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में शामिल न होने के कारण सस्पेंड कर दिया गया है। इस रैली को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संबोधित किया था।
इस रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।
युवक कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के 60 पदाधिकारियों को सस्पेंड किया है। इनमें 9 जिला अध्यक्ष, 5 उपाध्यक्ष, 14 महासचिव और 32 सचिव शामिल हैं। 3 नवंबर को जारी एक आदेश के तहत यह निलंबन तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा।
यह रैली कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों के लिए अपनी ताकत दिखाने का एक बड़ा मौका थी। युवक कांग्रेस नेतृत्व ने मध्य प्रदेश के इन पदाधिकारियों की गैर-मौजूदगी को “संगठनात्मक अनुशासनहीनता” करार दिया है। संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर ये निलंबन आदेश जारी किए गए हैं।
संगठन को मांगना चाहिए था स्पष्टीकरण
निलंबित किए गए कुछ नेताओं ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि उनके पास रैली में न जा पाने के ठोस कारण थे। उनका कहना है कि कोई भी कार्रवाई करने से पहले संगठन को उनसे स्पष्टीकरण मांगना चाहिए था।
युवक कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई के घर बेटे का जन्म होने की वजह से वह रैली में नहीं जा सके। उन्होंने कहा, “मेरे बड़े भाई के घर बेटा हुआ था, इसलिए मुझे वहां जाना पड़ा। मैंने प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी थी और उन्हें निमंत्रण भी दिया था। बाद में मुझे इस रैली के बारे में पता चला। 12 साल बाद मेरे भाई के घर बेटा हुआ है, मैं इस खुशी के मौके को कैसे छोड़ सकता था?”
सौरभ शर्मा ने कहा कि वे यूथ कांग्रेस के उन जिला अध्यक्षों में से हैं जो संगठन के कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होते हैं। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहा हूं। मैं उन प्रमुख जिला अध्यक्षों में से हूं जो कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। मैं कई सालों से युवक कांग्रेस से जुड़ा हुआ हूं। हम इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।” शर्मा ने कहा कि नेताओं को निलंबित करने से पहले नेतृत्व को उन्हें ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी करना चाहिए था और उनसे स्पष्टीकरण मांगना चाहिए था।
शर्मा ने आगे कहा, “जिनके पास कोई ठोस कारण नहीं था, उन्हें हटा दिया जाना चाहिए लेकिन जिन लोगों को सच में कोई समस्या थी, उन्हें निलंबित नहीं किया जाना चाहिए था।”
चाचा का हो गया था निधन
युवक कांग्रेस के महासचिव रोहित राजौरिया ने बताया कि वे अपने चाचा के निधन के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा, “मेरे चाचा का निधन हो गया था और मैंने प्रदेश अध्यक्ष को इसकी सूचना दे दी थी। मैंने युवक कांग्रेस के रमाशंकर जी को भी बता दिया था और उनसे अनुमति मांगी थी।”
बीमारी का दिया हवाला
युवा कांग्रेस के अनूपपुर जिला अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने बताया कि वे अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली नहीं जा सके। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्होंने संगठन के प्रदेश नेतृत्व को इस बारे में नहीं बताया था। मिश्रा ने कहा, “मैं बीमार था और खराब सेहत के कारण नहीं जा सका। मैंने प्रदेश नेतृत्व को नहीं बताया था, जिसके चलते कम्युनिकेशन गैप रह गया लेकिन मेरी पूरी टीम रैली में गई थी। हमने सभी के टिकट बुक कर लिए थे। मैं नेतृत्व को अपना स्पष्टीकरण दूंगा।”
इसी तरह, युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजवीर सिंह कुड़िया और महासचिव सुमन मौर्य ने भी रामलीला मैदान की रैली में शामिल न हो पाने के पीछे स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। खेद जताते हुए कुड़िया ने कहा कि वे बहुत अधिक अस्वस्थ थे, इसलिए रैली में नहीं जा सके। उन्होंने कहा, “इसके अलावा कोई और कारण नहीं था। मैं पार्टी के कार्यक्रमों और अपने निर्वाचन क्षेत्र में हमेशा सक्रिय रहता हूं।”
सुमन मौर्य ने बताया कि मौसम बदलने की वजह से उन्हें बुखार, खांसी और जुकाम हो गया था। उन्होंने कहा, “मैं किसी को बता नहीं पाई। मैंने किसी का फोन भी नहीं उठाया। मेरे वरिष्ठ पदाधिकारी मुझे फोन करते रहे, लेकिन मैं बीमार थी और उन्हें यह नहीं बता सकी कि मैं रैली में नहीं आ पाऊंगी।”
बहन की शादी की वजह से रैली में नहीं जा सका- शिवराज
युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव ने बताया कि अपनी छोटी बहन की शादी के कारण वह रैली में नहीं जा सके। उन्होंने कहा, “मेरी छोटी बहन की शादी थी। मैं इकलौता भाई हूं, इसलिए बहुत सारे काम थे। इस वजह से मैं रैली में नहीं जा सका। मैंने अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों को कारण बता दिया है। अब मैं उनके फैसले का इंतजार कर रहा हूं।”
प्रदेश प्रभारी ने क्या कहा?
युवा कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी शिवी सिंह चौहान ने कहा, “संगठन ने ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए कार्रवाई की है। जिन लोगों ने हमें अपनी अनुपस्थिति के बारे में पहले ही बता दिया था, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है; कार्रवाई केवल उन लोगों के खिलाफ की गई है जो रैली में नहीं आए।”
यह भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी देश के पार्ट टाइम नेता…’
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को गोरखपुर में थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का नेतृत्व किया। नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
