मध्य प्रदेश के मुरैना में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। यहां पर एक भगदड़ में ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत हो गई है। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की अफवाह फैली और इसके बाद वहां भगदड़ मच गई, जिससे ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्चा और तीन महिलाएं शामिल हैं। कई यात्री घायल भी बताए जा रहे हैं। यह घटना मुरैना के हेतमपुर स्टेशन की बताई जा रही है।
मौके पर प्रशासन मौजूद है और राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की अफवाह फैली, इसके कारण ट्रेन से यात्री कूद पड़े। वहीं पास के दूसरे ट्रैक पर आ रही पातालकोट ट्रेन की चपेट में कई यात्री आ गए। इसके कारण चार लोगों की मौत हुई है। रविवार को शाम 4 बजे मुरैना से धौलपुर की तरफ उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रवाना हुई थी
एक यात्री ने खींची थी चेन
यह घटना शाम करीब 4:15 बजे हुई, जब ट्रेन नंबर 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस हेतमपुर (HET)-धौलपुर (DHO) सेक्शन में रुकी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इंजन के बाद दूसरे कोच (जनरल कोच) में यात्रा कर रहे एक यात्री द्वारा अलार्म चेन खींचने (ACP) के बाद ट्रेन को रोका गया था। इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए NCR के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर (CPRO) शशि कांत त्रिपाठी ने बताया कि चार लोगों की मौत की खबर है। NCR ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन के रुके होने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरे और पास की रेलवे पटरी पर चले गए।
रेलवे ने क्या कहा?
बयान में कहा गया, “इस दौरान, अप लाइन पर आ रही ट्रेन नंबर 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में इनमें से कुछ यात्री आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।” ज़ोनल रेलवे ने आगे बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रभावित यात्रियों को हर संभव मदद दी जा रही है।”
बयान में आगे कहा गया, “घटना के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।” साथ ही, यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेन के चलने या रुके होने पर बिना अनुमति के ट्रेन से न उतरें और रेलवे सुरक्षा के सभी तय नियमों का पालन करें।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार का बड़ा फैसला
मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को एक बड़े फैसले में सरकारी सेवा नियमों से दो-बच्चों की शर्त को वापस ले लिया है। पढ़ें पूरी खबर
