कांग्रेस ने शनिवार को कहा है कि वह मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण को रद्द करने के हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। हाई कोर्ट ने शुक्रवार को साल 2019 के उस कानून को रद्द कर दिया था, जिसके तहत राज्य में ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया गया था।

अदालत ने इसे असंवैधानिक और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा के खिलाफ बताया था।

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पत्रकार वार्ता में राज्य की बीजेपी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आरक्षण नीति का प्रभावी ढंग से बचाव करने और अदालत के सामने पर्याप्त आंकड़े पेश करने में फेल रही।

कानूनी विशेषज्ञों की मदद लेगी कांग्रेस

जीतू पटवारी ने कहा, “कांग्रेस ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर अपनी कानूनी और लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी। पार्टी अपनी भावी रणनीति तय करने के लिए बैठक करेगी और जागरूकता अभियान चलाएगी। हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने के लिए कांग्रेस वरिष्ठ अधिवक्ताओं कपिल सिब्बल और विवेक तन्खा सहित अन्य कानूनी विशेषज्ञों की मदद लेगी।”

जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य की बीजेपी सरकार ने कानूनी कार्यवाही पर भारी खर्च किया लेकिन ओबीसी समुदाय के पक्ष में फैसला सुनिश्चित करने में फेल रही।

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ओबीसी के अधिकारों की रक्षा करने में फेल रही है। हाई कोर्ट के 159 पन्नों के आदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुराने आंकड़ों की प्रासंगिकता पर सवाल उठाया। उन्होंने यह भी पूछा कि करीब 7.26 करोड़ की आबादी वाले राज्य की सामाजिक परिस्थितियों का आकलन करने के लिए केवल 10,000 लोगों का सर्वेक्षण कितना पर्याप्त था।

सीएम मोहन यादव जवाब दें- सिंघार

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया, “आंकड़े जुटाने और उनका विश्लेषण करने पर संसाधन खर्च करने के बावजूद बीजेपी सरकार अदालत के सामने अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में फेल क्यों रही? मुख्यमंत्री मोहन यादव को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। बीजेपी ने ओबीसी समुदाय का समर्थन मांगने के बावजूद उसके अधिकारों की रक्षा नहीं की है।”

जीतू पटवारी ने कहा कि साल 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में सरकार बनाने पर कांग्रेस ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के अपने वादे पर कायम रहेगी। उन्होंने ओबीसी नेताओं से एकजुट होकर इस मुद्दे पर सरकार पर दबाव बनाने की अपील भी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोहन यादव सरकार को ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना सार्वजनिक करनी चाहिए।

बीजेपी ने क्या कहा?

दूसरी ओर, बीजेपी का दावा है कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने साल 2019 में जल्दबाजी में और तथ्यों की पुष्टि किए बिना आरक्षण से संबंधित दस्तावेज तैयार किए थे।

यह भी पढ़ें- ‘ओबीसी आरक्षण सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया’

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि ओबीसी आरक्षण को समाजवादी पार्टी की वजह से सिर्फ यादवों और मुसलमानों ने खाया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।