रविवार को एक चेन्नई में एक अलग तरह का दृश्य देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय एक-दूसरे के पास में खड़े थे। इसके बाद दोनों ने हरी झंडी लहराई और फिर साथ में ट्रेन में सवार हुए। यह चेन्नई मेट्रो रेल के दूसरे चरण (फेज-2) के पहले परिचालन खंड की पहली यात्रा थी। इस परियोजना को पूरा होने में छह साल लगे हैं।
लेकिन इस यात्रा ने विजय के लिए एक यादगार राजनीतिक सप्ताहांत को भी पूरा किया। शनिवार को उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को अपने नीलंकराई स्थित घर पर दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया। चौबीस घंटे बाद, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हवाई अड्डे पर स्वागत कर रहे थे, उनके साथ मेट्रो में यात्रा कर रहे थे, उनके साथ एक मंदिर में दर्शन कर रहे थे और एक सार्वजनिक मंच पर उनके साथ मौजूद थे।
कांग्रेस के साथ गठबंधन में सरकार चला रहे एक मुख्यमंत्री के लिए यह घटनाक्रम असामान्य था। दिल्ली में गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद मचे राजनीतिक घमासान और विजय के इस पर सार्वजनिक रूप से निंदा न करने के फैसले ने इस घटनाक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
मोदी की तमिलनाडु यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11:10 बजे चेन्नई पहुंचे। विजय, जो सुबह करीब 10:30 बजे अपने नीलंकराई स्थित आवास से निकले थे। उन्होंने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शॉल ओढ़ाकर, फूलों का गुलदस्ता देकर और हाथ मिलाकर स्वागत किया। इस दौरान एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी भी वहां मौजूद थे।
जैसे ही मोदी का काफिला पोरूर की ओर बढ़ा भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ते के कुछ हिस्सों में कतार बनाकर खड़े होकर उनका अभिवादन किया और प्रधानमंत्री ने अपनी गाड़ी से हाथ हिलाकर अभिवादन किया। विजय का काफिला उनके पीछे-पीछे चल रहा था। सुबह 11:50 बजे तक दोनों पोरूर बाईपास स्टेशन पर पहुंच गए, जहां अधिकारियों ने उन्हें 4,900 करोड़ रुपये की पूनमल्ली-वडापलानी खंड के बारे में जानकारी दी।
दोपहर 12 बजे के बाद, पीएम मोदी और मुख्यमंत्री विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुछ ही मिनटों बाद वे ट्रेन में सवार होकर पोरूर बाईपास से पूनमल्ली तक और वापस आने के लिए रवाना हुए। वे उस नेटवर्क के पहले यात्री थे जो रविवार को बाद में आम जनता के लिए खोला गया था।
4,900 करोड़ रुपये की लागत वाली यह मेट्रो परियोजना पूनमल्ली बाईपास और वडापलानी के बीच 14.64 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड को कवर करती है। इसमें शुरुआत में 11 स्टेशन यात्रियों के लिए खुले रहेंगे और 3.7 किलोमीटर का डबल-डेकर खंड भी शामिल है। रविवार को शाम 4 बजे से यात्री सेवाएं शुरू हो गईं। व्यस्त समय में हर 10 मिनट पर और बाकी समय में हर 15 मिनट पर ट्रेनें चलेंगी।
मेट्रो का उद्घाटन 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के एक बड़े पैकेज का हिस्सा था, जिसमें 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, कराईकल-पेरलम रेलवे लाइन, पांच पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशन, बंदरगाह अवसंरचना परियोजनाएं और आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर शामिल हैं। मेट्रो का नया खंड चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों को वडापलानी में मौजूदा नेटवर्क से जोड़ता है।
पीएम मोदी के साथ IIT मद्रास भी गए सीएम विजय
विजय के लिए आधिकारिक कार्यक्रम यहीं समाप्त हो सकता था। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। पोरूर से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से आईआईटी मद्रास की ओर रवाना हुए, जो किसी रोड शो की तरह लग रहा था। विजय इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ परिसर तक गए।
वहां, दोपहर लगभग 1.40 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जलकंडेश्वरार मंदिर में पूजा-अर्चना की। विजय और अर्लेकर उनके साथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे।
फिर भी, प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंदिर में विजय की उपस्थिति उल्लेखनीय थी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री अक्सर प्रधानमंत्रियों के साथ आधिकारिक मंच साझा करते रहे हैं। भले ही उनकी पार्टियां विरोधी राजनीतिक खेमों में रही हों, लेकिन मोदी के साथ मंदिर जाने से विजय का सार्वजनिक संपर्क आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक न्यूनतम प्रोटोकॉल से कहीं अधिक व्यापक हो गया, जो उनके पूर्ववर्तियों ने कभी नहीं किया था।
बिलकुल विपरीत
पिछले दिन के घटनाक्रम से इसकी तुलना करें तो यह अंतर साफ नजर आता है। शुक्रवार दोपहर तक राहुल गांधी का विजय के साथ लंच करना भी अनिश्चित था। गांधी खेमे के कुछ लोगों ने सवाल उठाया था कि कांग्रेस नेता को विजय से मिलने की पहल क्यों करनी चाहिए, जबकि मुख्यमंत्री की ओर से इस मुलाकात को लेकर हिचकिचाहट दिखाई दे रही थी। वहीं, विजय के खेमे की भी अपनी कुछ आपत्तियां थीं।
अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के बीच मुलाकात किसी मुख्यमंत्री के लिए कोई असामान्य बात नहीं है। एम करुणानिधि, जे जयललिता, ई पलानीस्वामी और एमके स्टालिन जैसे तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने भी अपने से अलग राजनीतिक दलों की सरकारों के प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया था।
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी बात का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के रूप में मुझे करुणानिधि और जयललिता के साथ बातचीत करने के कई अवसर मिले। प्रधानमंत्री बनने के बाद मुझे जयललिता, ओ पन्नीरसेल्वम, ई पलानीस्वामी और एमके स्टालिन के साथ काम करने का अवसर मिला… अब हम मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।”
मोदी के लिए रविवार का कार्यक्रम कई मायनों में अहम था। इस दौरान वह बार-बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ नजर आए, जिनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता ने इस साल राज्य की राजनीति को एक नया मोड़ दिया है।
पोस्टर में विजय ‘अगले प्रधानमंत्री’
राजनीति की झलक कभी-कभी दर्शकों के बीच से भी सामने आई। IIT मद्रास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल रहे थे, तब टीवीके के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सीटी बजाई। कुछ कार्यकर्ता विजय की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिन पर “अगले प्रधानमंत्री” लिखा था। इस नारे ने पहले ही कांग्रेस के भीतर बेचैनी पैदा कर दी है।
हालांकि, विजय ने अपने भाषण में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों और विकास के मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि जब राज्य और केंद्र मिलकर काम करते हैं, तो इसका लाभ लोगों के जीवन में दिखाई देता है।
विजय ने परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने 2036 तक तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा।
उन्होंने मांगों की एक लंबी सूची भी रखी। इसमें चेन्नई मेट्रो के तीसरे चरण को मंजूरी देना, कोयंबटूर और मदुरै में मेट्रो परियोजनाओं के प्रस्तावों पर फिर से विचार करना, कर्नाटक के बोम्मसंद्रा से होसुर तक अंतरराज्यीय मेट्रो कनेक्शन को समर्थन देना, गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना को मंजूरी देना, मद्रास हाई कोर्ट में तमिल को आधिकारिक भाषा का दर्जा देना, चेन्नई को कोयंबटूर और कन्याकुमारी से जोड़ने वाले हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाना और समग्र शिक्षा योजना के तहत लंबित फंड जारी करना शामिल था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है, उनसे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा भी दिया।
विजय के लिए यह सप्ताहांत राष्ट्रीय विपक्ष के प्रमुख चेहरे के साथ मुश्किल से तय हुई मुलाकात और दोपहर के भोजन से शुरू हुआ था। वहीं, इसका समापन प्रधानमंत्री के साथ कई घंटे बिताने के साथ हुआ। इन दोनों मुलाकातों के बीच तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के सामने आने वाली राजनीतिक चुनौती की पूरी तस्वीर दिखाई देती है।
एक तरफ राष्ट्रीय स्तर पर एक राजनीतिक धड़े के साथ गठबंधन, दूसरी तरफ दिल्ली में दूसरे धड़े की सरकार के साथ मिलकर राज्य चलाने की मजबूरी और एक ही सप्ताहांत में दोनों के साथ तस्वीरों में नजर आना तमिलनाडु की राजनीति में विजय के लिए यही सत्ता का अनोखा समीकरण है।
दिल्ली में आज बंद रहेंगे 6 मेट्रो स्टेशन, इंडिया गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट तक का मार्च
राजधानी दिल्ली में सोमवार का दिन भी आम जनता के लिए मुश्किल भरा होने वाला है, क्योंकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार देर रात यह ऐलान किया कि सोमवार को दिल्ली में 6 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। डीएमआरसी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 6 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बंद रखने का ऐलान किया है। पढ़ें पूरी खबर।
