पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि LPG सिलेंडर गैस बुकिंग बढ़कर 75-76 लाख प्रतिदिन हो गई है, यह आम दिनों में 50 से 55 लाख के बीच रहती थी।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने मीडिया को बताया कि हर दिन 50 लाख घरेलू LPG सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घबराकर बुकिंग कराने की कोई जरूरत नहीं है, किसी भी एलपीजी डीलर के पास एलपीजी की कमी नहीं है।
सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत के पास 258 मिलियन मीट्रिक टन कच्चे तेल की रिफाइनिंग क्षमता है। हम पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर हैं, इसलिए भारत में इन ईंधनों का आयात करने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारी सभी रिफाइनरियां इस समय 100% क्षमता या उससे अधिक पर काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि घरेलू उपभोक्ताओं को PNG और CNG की आपूर्ति बिना किसी रुकावट या कटौती के सुनिश्चित की जा रही है।
‘केरोसीन बांटने के लिए जिले में स्थान तय करें राज्य सरकार’
सुजाता शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से कहा है कि वे हर जिले में ऐसे स्थान तय करें, जहां केरोसीन का वितरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने नियमित कोटे से अलग 48 हजार KL एक्स्ट्रा केरोसीन देने की मंजूरी दी है। सुजाता शर्मा ने यह भी बताया कि कोल इंडिया ने वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था के लिए आदेश दिए है। इस आदेश के तहत छोटे, मध्यम और अन्य उपभोक्ताओं को कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें: घरेलू गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी का खेल, कहीं डबल रेट तो कहीं अवैध स्टोरेज
ईंधन की कथित कमी की खबरों के बीच दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में लोग पेट्रोल पंपों और एलपीजी वितरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे है। आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ रेस्तरां, स्कूलों और खानपान सेवाओं का कामकाज भी प्रभावित होने लगा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
