पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ गया है और दुनिया में इसका असर देखा जा सकता है। भारत में एलपीजी संकट गहरा गया है और इसके मद्देनजर दिल्ली के रेस्तरां में अब बड़े कॉरपोरेट समारोहों और सामूहिक पार्टियों का आयोजन कम हो गया है। इतना ही नहीं एलपीजी आपूर्ति संकट के कारण रेस्तरां अपने मेन्यू और बुकिंग में कटौती भी कर रहे हैं। कनॉट प्लेस के रेस्तरां मालिकों का कहना है कि बड़े समारोहों के लिए खाना बनाने में काफी गैस की खपत होती है, जिसकी वजह से कई प्रतिष्ठानों ने अस्थायी रूप से बड़ी पार्टियों की बुकिंग रोक दी है और नियमित ग्राहकों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है।

मेन्यू किया गया छोटा

कनॉट प्लेस दिल्ली के उन सबसे व्यस्त स्थानों में शामिल हैं, जहां बड़े से लेकर सभी प्रकार के होटल हैं। ‘फ्लेवर्स ऑफ चाइना’ नाम के रेस्तरां की मालिक परमजीत कौर ने बताया कि एलपीजी की खपत को नियंत्रित करने के लिए रेस्तरां ने कुछ व्यंजनों में कटौती की है और सामूहिक बुकिंग सीमित कर दी है। उन्होंने कहा, “हमें स्थिति से निपटने के लिए कुछ बदलाव करने पड़े हैं। उदाहरण के लिए, हम फिलहाल ‘सिजलर’ नहीं परोस रहे हैं क्योंकि इसके लिए लगातार और तेज आंच की आवश्यकता होती है। हमने अपने मेन्यू में भी कटौती की है और केवल उन बुनियादी व्यंजनों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जिन्हें कम गैस खपत के साथ तैयार किया जा सकता है।”

परमजीत कौर ने बताया कि ईंधन बचाने के लिए रेस्तरां ने अस्थायी रूप से बड़े आयोजनों को बंद कर दिया है। ग्रेटर कैलाश स्थित ‘अमलतास’ रेस्टोरेंट के मैनेजर ने बताया कि मौजूदा हालात में उनका रेस्तरां भी बड़ी बुकिंग स्वीकार करने में सावधानी बरत रहा है। उन्होंने कहा, “एलपीजी की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता की वजह से हम बड़ी बुकिंग या कॉरपोरेट समारोह स्वीकार करने में सावधानी बरत रहे हैं। बड़ी पार्टियों के लिए खाना बनाने में लगातार गैस का इस्तेमाल होता है, इसलिए फिलहाल हम नियमित ग्राहकों और छोटी पार्टियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।”

बड़े आयोजनों से बच रहे रेस्टोरेंट

कनॉट प्लेस स्थित मीनार रेस्टोरेंट के मालिक इंदर ने बताया कि एलपीजी आपूर्ति की स्थिति स्थिर होने तक उनके रेस्तरां ने भी बड़े आयोजनों से बचने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “फिलहाल हम कॉरपोरेट समारोह या बड़े आयोजन नहीं कर रहे हैं क्योंकि ऐसे आयोजनों के लिए ज्यादा खाना बनाना पड़ता है, जिसका मतलब है एलपीजी की ज्यादा खपत। आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता को देखते हुए बड़ी बुकिंग की योजना बनाना मुश्किल हो जाता है।” पढ़ें इंडक्शन 30 गुना तो केतली की बिक्री हुई दोगुनी

(यह भी पढ़ें- ‘LPG की सप्लाई चिंता का विषय’, पेट्रोलियम मंत्रालय बोला- स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं)

केंद्र सरकार ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर फैली आशंकाओं को शांत करने की कोशिश की। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि खुदरा दुकानों पर स्टॉक खत्म होने की कोई भी घटना सामने नहीं आई है, पेट्रोल और डीज़ल भरपूर मात्रा में उपलब्ध हैं। पढ़ें पूरी खबर